संवेदनशील घाटों पर तैनात रहेंगे गोताखोर
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
तिलौथू (रोहतास)। लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। इसी क्रम में रविवार को रोहतास के जिलाधिकारी दीपक मिश्रा ने तिलौथू प्रखंड क्षेत्र के तिलौथू पूर्वी पंचायत स्थित घाट नंबर एक (शिव मंदिर घाट) का निरीक्षण किया। अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देने से कुछ घंटे पहले घाट पर पहुंचे डीएम ने सुरक्षा व्यवस्था, साफ-सफाई और छठ व्रतियों की सुविधाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।

निरीक्षण के बाद डीएम दीपक मिश्रा ने कहा कि जिले के सभी घाटों का विभिन्न स्तर के पदाधिकारियों द्वारा लगातार निरीक्षण किया जा रहा है। इसी क्रम में वे तिलौथू पहुंचे हैं। उन्होंने तिलौथूवासियों को छठ महापर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि निरीक्षण के दौरान घाट पर व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गई हैं। इस घाट पर करीब चार हजार श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।
उन्होंने बताया कि इस बार जिले के संवेदनशील घाटों पर छठ पूजा नहीं हो रही है। जहां पानी की गहराई अधिक है, वहां गोताखोरों की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा जिले में एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमें भी तैनात की गई हैं। प्रत्येक अनुमंडल में इन टीमों की प्रतिनियुक्ति की गई है, ताकि किसी भी आपात स्थिति से तत्काल निपटा जा सके।
डीएम ने स्पष्ट किया कि छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। छठ पर्व के दौरान सोन नदी में नावों के परिचालन पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है। उन्होंने घाट का बारीकी से निरीक्षण करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिया कि श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। सुरक्षा और सुविधा के सभी इंतजाम सुनिश्चित किए जाएं।
इस मौके पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के आप्त सचिव शैलेंद्र ओझा, डॉ. नवीन नटराज, जदयू नेता धीरज मिश्रा, शशि भूषण प्रसाद, महेंद्र ओझा, सुनील गोस्वामी, तिलौथू थानाध्यक्ष शुभम कुमार, बीडीओ अंकिता जैन और सीओ उज्ज्वल चौबे सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।