नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र में रविवार देर रात राष्ट्रीय राजमार्ग-19 (एनएच-19) पर देव मोड़ और भेड़िया गांव के बीच भवानी होटल के समीप एक भीषण सड़क हादसे में तीन पर्यटकों की मौत हो गई, जबकि एक दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आंध्र प्रदेश के कुल्लूर जिले से आए पर्यटकों की बस बोधगया से काशी दर्शन के लिए जा रही थी। इसी दौरान एनएच-19 पर बस की एक ट्रक से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए और यात्रियों में चीख-पुकार मच गई।
हादसे में तीन पर्यटकों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि एक दर्जन से अधिक यात्री घायल हो गए। घायलों को स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। कुछ घायलों की स्थिति गंभीर बताई जा रही है।
सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक सभी आंध्र प्रदेश के कुल्लूर जिले के निवासी बताए जा रहे हैं।
प्रशासन द्वारा दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक आशंका के अनुसार तेज रफ्तार और चालक की लापरवाही हादसे का कारण हो सकती है। घटना के बाद एनएच-19 पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा, जिसे बाद में पुलिस ने सामान्य कराया।