बिजली-पानी दोनों ठप, जले ट्रांसफार्मर नहीं बदले तो NH जाम की चेतावनी
नवबिहार टाइम्स संवाददाता
मसौढ़ी। धनरूआ प्रखंड की पथहरहट पंचायत के कई गांव पिछले आठ दिनों से अंधेरे में डूबे हुए हैं। क्षेत्र के कई ट्रांसफार्मर जल जाने से बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप है। बिजली नहीं रहने से नल-जल योजना और मोटर पंप भी बंद पड़े हैं, जिससे करीब तीन हजार की आबादी गंभीर पेयजल संकट का सामना कर रही है।
सबसे अधिक प्रभावित पथहरहट पंचायत के तेतरी, चकिया, सुंदरपुर, भगवानपुर, सूर्यग्रहण और मधुबन गांव हैं। तेतरी गांव में दो, जबकि चकिया, सुंदरपुर, भगवानपुर, सूर्यग्रहण और मधुबन में एक-एक ट्रांसफार्मर जल जाने से पूरे इलाके की बिजली व्यवस्था चरमरा गई है।
लगातार आठ दिनों से बिजली और पानी की समस्या का समाधान नहीं होने पर गुरुवार को ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा। महिलाएं और पुरुष हाथों में बाल्टी, लोटा तथा अन्य बर्तन लेकर सड़क पर उतर आए और बिजली विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि बिजली नहीं रहने से घरों में अंधेरा पसरा है, बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है और पेयजल के लिए दूर-दूर तक भटकना पड़ रहा है।
प्रदर्शन में तेतरी गांव की सुनीता देवी, अनीता देवी, रिंकू देवी, गीता देवी, कांति देवी, मंजू देवी, रीता देवी तथा मधुबन गांव की पूनम कुमारी, कंचन देवी, रेखा देवी सहित वीरेंद्र प्रसाद, दीपक कुमार, मुखिया प्रतिनिधि और सैकड़ों ग्रामीण शामिल हुए।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जले हुए ट्रांसफार्मर शीघ्र नहीं बदले गए और बिजली आपूर्ति बहाल नहीं की गई, तो वे नेशनल हाईवे जाम कर उग्र आंदोलन करने को विवश होंगे। इसकी पूरी जिम्मेदारी बिजली विभाग और प्रशासन की होगी।
इस संबंध में बिजली विभाग के जूनियर अभियंता ने बताया कि मिस्त्रियों की टीम भेजकर सभी जले हुए ट्रांसफार्मरों की जांच कराई जा रही है। आवश्यक प्रक्रिया पूरी होते ही नए ट्रांसफार्मर लगाकर जल्द बिजली आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।