नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। विवेकानंद वीआईपी स्कूल के विद्यार्थियों ने इस वर्ष बारहवीं बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय का नाम गौरवान्वित किया है। परीक्षा परिणाम घोषित होते ही विद्यालय परिसर में खुशी का माहौल बन गया। विज्ञान एवं वाणिज्य संकाय के छात्र-छात्राओं ने शानदार अंक प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।

विद्यालय के छात्र आयुष कुमार सिंह ने 90 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय में सर्वोच्च स्थान हासिल किया। विशेष बात यह रही कि उन्होंने गणित विषय में शत-प्रतिशत अंक प्राप्त कर उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की। वहीं विज्ञान संकाय की छात्रा सुहानी कुमारी ने 87.40 प्रतिशत अंक प्राप्त किए। उन्होंने रसायन शास्त्र में 98 प्रतिशत एवं इंग्लिश में 96 प्रतिशत अंक अर्जित कर सफलता का परचम लहराया।
छात्रा दिव्यांशी पांडेय ने भौतिकी में 91 प्रतिशत अंक के साथ कुल 87.20 प्रतिशत अंक प्राप्त किए। इसके अलावा सत्यम कुमार ने 86.80 प्रतिशत, कनिष्क कुमार राज ने 86.60 प्रतिशत तथा गौरव कुमार ने 86.40 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय को गौरवान्वित किया।

सफल विद्यार्थियों ने अपनी उपलब्धि का श्रेय शिक्षकों एवं अभिभावकों को दिया। आयुष कुमार सिंह, दिव्यांशी पांडेय एवं सत्यम कुमार ने बताया कि वे भविष्य में अभियंता बनकर देशसेवा करना चाहते हैं, जबकि सुहानी कुमारी एवं कनिष्क कुमार राज ने चिकित्सक बनने की इच्छा व्यक्त की। विद्यार्थियों ने कहा कि वे अपने सपनों को साकार करने के लिए निरंतर मेहनत करते रहेंगे।
विद्यालय के चेयरमैन मनीष वत्स ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि यह सफलता उनकी यात्रा का अंत नहीं, बल्कि एक नई शुरुआत है। उन्होंने कहा कि जीवन में आने वाली चुनौतियों को विद्यार्थी अपने शिक्षा, संस्कार और आत्मविश्वास के बल पर अवसर में बदलेंगे।
विद्यालय के निदेशक डॉ. शंभूशरण सिंह ने कहा कि भारत के युवाओं से विश्व को काफी उम्मीदें हैं और उन्हें विश्वास है कि विद्यालय के छात्र भविष्य में देश का नाम रोशन करेंगे। वहीं उपप्राचार्या सूची कुमारी ने कहा कि यह सफलता विद्यार्थियों की मेहनत, शिक्षकों के समर्पण तथा अभिभावकों के सहयोग का परिणाम है। उन्होंने बताया कि विद्यालय गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं अनुशासन के माध्यम से विद्यार्थियों को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
विद्यालय परिवार ने सभी सफल छात्र-छात्राओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।