रेडक्रॉस दिवस पर लगा रक्तदान शिविर, समाजसेवियों व रक्तदाताओं को किया गया सम्मानित
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। विश्व रेडक्रॉस दिवस के अवसर पर आज सदर अस्पताल स्थित रेडक्रॉस भवन में भव्य रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्घाटन जिला पदाधिकारी अभिलाषा शर्मा ने किया। कार्यक्रम का आयोजन रेडक्रॉस के चेयरमैन सतीश कुमार सिंह की अगुवाई में जिले की विभिन्न स्वैच्छिक सामाजिक संस्थाओं के सहयोग से किया गया। इस अवसर पर जिला पदाधिकारी ने रक्तदान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि “रक्तदान जीवनदान के समान है तथा रक्त का कोई विकल्प नहीं है।” उन्होंने अधिक से अधिक लोगों से स्वेच्छा से रक्तदान करने की अपील की। कार्यक्रम के दौरान समाजहित में निरंतर रक्तदान करने वाले कई रक्तदाताओं एवं समाजसेवियों को सम्मानित भी किया गया।

जिला कार्यक्रम प्रबंधक मो. अनवर आलम ने बताया कि रेडक्रॉस के संस्थापक एवं प्रथम नोबेल शांति पुरस्कार विजेता हेनरी डुनेंट की जयंती पर प्रतिवर्ष 8 मई को विश्व रेडक्रॉस दिवस मनाया जाता है। इसी क्रम में औरंगाबाद में रेडक्रॉस के नेतृत्व में हर वर्ष श्रद्धा और सेवा भाव के साथ रक्तदान शिविर आयोजित किया जाता है। उन्होंने बताया कि औरंगाबाद ब्लड बैंक में प्रायः सभी ब्लड ग्रुप के रक्त की उपलब्धता बनी रहती है, जिससे न केवल औरंगाबाद बल्कि अरवल, गया, गढ़वा तथा पलामू सहित आसपास के क्षेत्रों के जरूरतमंद मरीज लाभान्वित होते हैं।

पिछले वित्तीय वर्ष में ब्लड बैंक द्वारा कुल 3050 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया था, जिसके आधार पर राज्य में तीसरी रैंकिंग प्राप्त हुई। वहीं इस वर्ष अब तक लगभग 350 यूनिट रक्त संग्रहित किए जा चुके हैं। उन्होंने आगे बताया कि ब्लड बैंक द्वारा प्रतिमाह 38 थैलेसीमिया मरीजों को नियमित रूप से रक्त उपलब्ध कराया जाता है। इस दौरान उन्होंने सभी सामाजिक संस्थाओं एवं रक्तदाताओं के प्रति आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम में राज्य स्तर पर पुरस्कृत रक्तदाता विवेक मिश्र एवं उनकी पत्नी को 73 बार रक्तदान करने के लिए सम्मानित किया गया। वहीं युवा समाजसेवी सल्लू खान को 41 बार तथा यूएनडीपी से जुड़े वैक्सीन एवं कोल्ड चेन मैनेजर अर्शी खान को 18 बार रक्तदान करने के लिए सम्मानित किया गया। इसके अलावा पथ-प्रदर्शक, बीआरबीसीएल, श्री सीमेंट सहित मानव सेवा के लिए समर्पित अन्य कई समाजसेवियों को भी रेड क्रॉस द्वारा सम्मानित किया गया।

इस दौरान प्रभारी सिविल सर्जन डॉ रवि रंजन, सदर अस्पताल के उपधीक्षक डॉ. आशुतोष कुमार, शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. राजीव कुमार, स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. शोभा रानी, रेडक्रॉस सचिव दीपक कुमार एवं अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।