नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
गया। गया विधानसभा क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार और राज्य सरकार के मंत्री डॉ. प्रेम कुमार ने सोमवार को अपने परिवार के साथ मतदान कर लोकतंत्र के महापर्व में भागीदारी निभाई। वे अपनी पत्नी प्रभावती देवी और पुत्रों के साथ मतदान केंद्र पहुंचे, जहां उन्होंने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान के बाद डॉ. कुमार ने कहा कि लोकतंत्र का यह पर्व हर नागरिक के लिए गर्व का अवसर है, क्योंकि इसी के माध्यम से हम अपने राज्य और राष्ट्र के भविष्य का निर्धारण करते हैं।
उन्होंने कहा कि गया के लोगों में इस बार जो उत्साह देखने को मिल रहा है, वह लोकतंत्र की सच्ची शक्ति को दर्शाता है। मतदान के उपरांत डॉ. कुमार ने गया शहर के विभिन्न मतदान केंद्रों का भ्रमण किया और कार्यकर्ताओं व मतदाताओं से मुलाकात की। उन्होंने मतदान प्रक्रिया की व्यवस्था की सराहना की और मतदाताओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनता का यह विश्वास और सहभागिता लोकतंत्र को मजबूत बनाता है।डॉ. कुमार ने भरोसा जताया कि जनता का अपार समर्थन भारतीय जनता पार्टी और कमल के निशान के पक्ष में है।
उन्होंने कहा कि वर्ष 1990 से गया विधानसभा क्षेत्र में कमल का फूल लगातार खिलता आया है और इस बार भी नौवीं बार कमल खिलेगा। उन्होंने कहा कि जनता ने विकास, सुशासन और सेवा के नाम पर हमेशा भाजपा को आशीर्वाद दिया है और यह परंपरा आगे भी जारी रहेगी। गया के मतदाताओं और कार्यकर्ताओं को धन्यवाद देते हुए उन्होंने कहा कि जनता का यह विश्वास ही उनकी सबसे बड़ी पूंजी है, और यही विश्वास बिहार व गया को निरंतर प्रगति के पथ पर आगे बढ़ा रहा है।