उत्तर कोयल जलाशय परियोजना से संबंधित समीक्षा बैठक आयोजित
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। आज मुख्य सचिव, बिहार की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से उत्तर कोयल जलाशय परियोजना से संबंधित समीक्षा बैठक आयोजित की गई। उक्त बैठक में जिला पदाधिकारी, औरंगाबाद अभिलाषा शर्मा, अपर समाहर्ता अनुग्रह नारायण सिंह, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी उपेंद्र पंडित, सदर डीसीएलआर श्वेतांक लाल उपस्थित रहे।
गौरतलब है कि उत्तर कोयल जलाशय परियोजना झारखंड राज्य से प्रारंभ होकर बिहार राज्य के औरंगाबाद जिला अंतर्गत नवीनगर, कुटुम्बा, देव, औरंगाबाद एवं मदनपुर प्रखंडों से होते हुए गया जिला में प्रवेश करती है। इस परियोजना के अंतर्गत कुल 09 पैकेज (पैकेज–03 से पैकेज–11 तक) सम्मिलित हैं, जिनकी कुल लंबाई 77.69 किमी है। इसमें से लगभग 12 किमी गया जिला में तथा शेष 61.69 किमी औरंगाबाद जिला में अवस्थित है। मुख्य सचिव, बिहार, पटना द्वारा इस महत्वाकांक्षी परियोजना की नियमित एवं सतत समीक्षा की जा रही है।

उत्तर कोयल जलाशय परियोजना अंतर्गत भूमि अधिग्रहण की कार्रवाई कार्यपालक अभियंता, उत्तर कोयल नहर प्रमंडल, नवीनगर, अम्बा, औरंगाबाद, मदनपुर एवं गया द्वारा की जा रही है। परियोजना के अंतर्गत कुल 41.251 हेक्टेयर भूमि अधिग्रहण प्रस्तावित है, जिसमें से अब तक 36.3995 हेक्टेयर भूमि का अधिग्रहण पूर्ण कर लिया गया है। शेष 4.8515 हेक्टेयर भूमि के अधिग्रहण की प्रक्रिया प्रगति पर है।
मुख्य सचिव, बिहार द्वारा की गई उच्चस्तरीय समीक्षा के आलोक में जिला पदाधिकारी, औरंगाबाद द्वारा उत्तर कोयल जलाशय परियोजना के त्वरित एवं निर्बाध क्रियान्वयन हेतु अंचल अधिकारी नवीनगर, कुटुम्बा, मदनपुर, देव एवं रफीगंज तथा कार्यपालक अभियंता, उत्तर कोयल नहर प्रमंडल, औरंगाबाद, मदनपुर, अम्बा, नवीनगर एवं गया को स्पष्ट एवं कड़े निर्देश दिए गए कि परियोजना से संबंधित शेष भूमि के हस्तांतरण सहित सभी आवश्यक औपचारिकताओं को सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ शीघ्रातिशीघ्र पूर्ण करना सुनिश्चित करें।
साथ ही जिला पदाधिकारी द्वारा कार्यपालक अभियंता, उत्तर कोयल नहर प्रमंडल, औरंगाबाद को एस.आई.ए. हेतु निर्धारित राशि संबंधित संस्थान को अविलंब उपलब्ध कराई जाए, ताकि वैधानिक प्रक्रियाओं में किसी भी स्तर पर विलंब न हो तथा परियोजना का कार्य समयबद्ध ढंग से आगे बढ़ाया जा सके।