देशरत्न राजेन्द्र प्रसाद शिक्षक प्रशिक्षण महाविद्यालय में रोमांचक मुकाबले
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
पटना। देशरत्न राजेन्द्र प्रसाद शिक्षक प्रशिक्षण महाविद्यालय में आयोजित वार्षिक क्रीड़ा प्रतियोगिता के अंतर्गत कैरम प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का शुभारंभ महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. पूनम वर्मा ने विधिवत उद्घाटन कर किया। मैच का कुशल संचालन सहायक प्राध्यापक मिताली मित्रा ने किया। इस अवसर पर राष्ट्रीय खिलाड़ी जयप्रकाश शर्मा, क्रीड़ा परिषद की सदस्य सहायक प्राध्यापक रिंपल कुमारी तथा तकनीकी पदाधिकारी अमरजीत कुमार की गरिमामयी उपस्थिति ने आयोजन की शोभा बढ़ाई। प्रतियोगिता में लगभग 130 प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर खेल कौशल का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
फाइनल मुकाबले के परिणाम पुरुष वर्ग के फाइनल में मुकेश कुमार ने शानदार प्रदर्शन करते हुए क़मर अशरफ़ खान को क्रमशः (25-07) एवं (25-20) के अंतर से पराजित कर खिताब अपने नाम किया। महिला वर्ग के फाइनल में बेबी कुमारी ने सधे हुए खेल और आत्मविश्वास के साथ अंकिता कुमारी को (25-19) तथा (25-13) के अंतर से हराकर विजेता बनने का गौरव प्राप्त किया।
प्रतियोगिता के विजेता प्रतिभागी
पुरुष वर्ग
मुकेश कुमार
क़मर अशरफ़ खान
रत्नेश कुमार राय
महिला वर्ग
बेबी कुमारी
अंकिता कुमारी
सरिता कुमारी
प्रतियोगिता का वातावरण अत्यंत उत्साहपूर्ण एवं प्रतिस्पर्धात्मक रहा। खिलाड़ियों ने खेल भावना, अनुशासन और उत्कृष्ट तकनीक का परिचय देते हुए महाविद्यालय की क्रीड़ा परंपरा को गौरवान्वित किया। यह आयोजन न केवल खेल प्रतिभा को मंच प्रदान करने वाला सिद्ध हुआ, बल्कि विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता एवं टीम भावना के विकास का प्रेरक अवसर भी बना। महाविद्यालय परिवार ने सभी विजेताओं एवं प्रतिभागियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ प्रेषित की हैं।