नवबिहार टाइम्स संवाददाता
अकबरपुर (नवादा)। अकबरपुर पुलिस ने अवैध हथियार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कार्रवाई करते हुए दो युवकों को देशी कट्टा के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, दोनों युवक किसी आपराधिक घटना को अंजाम देने की फिराक में घूम रहे थे। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने कार्रवाई कर उन्हें हिरासत में लिया।
थानाध्यक्ष सुरेंद्र कुमार ने बताया कि संदिग्ध युवकों की गतिविधियों की सूचना मिलने पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की। एएसआई प्रकाश चौधरी ने बताया कि तलाशी के दौरान रामाशिष राजवंशी के पुत्र रितिक कुमार, ग्राम सिंधौल, थाना नेमदारगंज तथा इंदल राजवंशी के पुत्र रांकी कुमार, ग्राम तेयार, थाना नेमदारगंज के पास से एक देशी कट्टा बरामद किया गया।
हथियार बरामद होने के बाद दोनों युवकों को गिरफ्तार कर थाने लाया गया। पुलिस ने बरामद देशी कट्टा जब्त कर लिया है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपितों से हथियार रखने के उद्देश्य और उनके संभावित आपराधिक संपर्कों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि बरामद हथियार उन्हें कहां से मिला और क्या वे किसी अन्य आपराधिक गतिविधि में शामिल रहे हैं। गिरफ्तार आरोपितों के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
थानाध्यक्ष ने कहा कि क्षेत्र में अवैध हथियार रखने और आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त लोगों के विरुद्ध पुलिस का अभियान आगे भी जारी रहेगा।