बिहार पुलिस सप्ताह के तहत नशामुक्ति नुक्कड़ नाटक का आयोजन
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। बिहार पुलिस सप्ताह 2026 के अंतर्गत बुधवार की शाम शहर के रमेश चौक पर औरंगाबाद पुलिस द्वारा नशामुक्ति नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया। ‘एक युद्ध नशे के विरुद्ध’ थीम पर आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शहरवासी शामिल हुए और इसका आनंद लिया।
कार्यक्रम में पुलिस के कलाकारों ने नशा से होने वाले नुकसान के बारे में लोगों को नुक्क्ड़ नाटक के माध्यम से जानकारी दी। इस पर दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट से कलाकारों का उत्साहवर्धन किया।
इस अवसर पर डीएसपी ट्रैफिक मनोज कुमार ने कहा कि पुलिस सप्ताह के दौरान इस तरह के कार्यक्रमों का उद्देश्य आम जनता और पुलिस के बीच बेहतर संवाद स्थापित करना है। उन्होंने कहा कि पुलिस सिर्फ कानून व्यवस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के हर वर्ग के साथ सकारात्मक संबंध बनाने के लिए भी प्रतिबद्ध है। ऐसे आयोजनों से पुलिस और नागरिकों के बीच विश्वास और सहयोग की भावना मजबूत होती है। उन्होंने लोगों से यातायात नियमों का पालन करने और सुरक्षित शहर निर्माण में पुलिस का सहयोग करने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। स्थानीय लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रमों के आयोजन की मांग की।