‘लाल गाड़ी’ से चली सघन जांच, 2.02 लाख रुपये से अधिक जुर्माना वसूला, टिकट काउंटरों पर बढ़ी भीड़
नवबिहार टाइम्स संवाददाता
मसौढ़ी। दानापुर मंडल के पटना-गया रेलखंड पर शुक्रवार की सुबह तारेगना और पुनपुन स्टेशन पर विशेष टिकट चेकिंग अभियान चलाया गया। करीब चार घंटे चले इस अभियान में 241 बेटिकट एवं अनियमित टिकट पर यात्रा करने वाले यात्रियों को पकड़ा गया। इन यात्रियों से जुर्माने के रूप में 2,02,745 रुपये रेल राजस्व के रूप में वसूले गए।
वरीय मंडल वाणिज्य प्रबंधक अभिनव सिद्धार्थ के निर्देश पर सहायक वाणिज्य प्रबंधक प्रदीप कुमार के नेतृत्व में सुबह छह बजे से दस बजे तक सघन जांच अभियान चलाया गया। अभियान में वाणिज्य विभाग के 19 टीटीई और आरपीएफ की संयुक्त टीम शामिल रही।
टिकट जांच के लिए विशेष टिकट चेकिंग स्पेशल ट्रेन ‘लाल गाड़ी’ का भी इस्तेमाल किया गया। जांच अभियान की शुरुआत सिंगरौली-पलामू एक्सप्रेस से की गई। इसके बाद 63241 सहित करीब 8 से 10 जोड़ी ट्रेनों में जांच की गई। जटडुमरी जंक्शन समेत विभिन्न स्टेशनों और ट्रेनों में टीम ने यात्रियों के टिकटों की सघन जांच की।
विशेष टिकट चेकिंग अभियान का असर पटना-गया रेलखंड के अन्य स्टेशनों पर भी देखने को मिला। परसा बाजार, पुनपुन घाट, जटडुमरी, तारेगना और जहानाबाद समेत कई स्टेशनों के टिकट काउंटरों पर यात्रियों की भीड़ बढ़ गई। रेल प्रशासन के अनुसार, अभियान के दौरान इन स्टेशनों पर टिकट बिक्री में प्रत्यक्ष वृद्धि दर्ज की गई।
रेल अधिकारियों ने बताया कि टिकट जांच का उद्देश्य यात्रियों को बिना टिकट या अनियमित टिकट के साथ यात्रा करने से रोकना और रेल राजस्व में होने वाले नुकसान को कम करना है। जांच के दौरान पकड़े गए यात्रियों से नियमानुसार जुर्माना वसूला गया।
दानापुर मंडल ने यात्रियों से अपील की है कि वे हमेशा वैध टिकट लेकर और उचित श्रेणी में ही यात्रा करें। रेल प्रशासन ने स्पष्ट किया कि बिना टिकट एवं अनियमित यात्रा के खिलाफ इस तरह के विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।