कृषि प्रौद्योगिकी प्रबंधन अभिकरण का अंतर्राज्यीय परिभ्रमण कार्यक्रम संपन्न
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। कृषि विभाग, बिहार सरकार के तत्वावधान में कृषि प्रौद्योगिकी प्रबंधन अभिकरण, औरंगाबाद द्वारा 26–27 फरवरी को एक अंतर्राज्यीय परिभ्रमण कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान के अंतर्गत संचालित संस्थान, बरही (हजारीबाग, झारखंड) में आयोजित किया गया, जिसमें औरंगाबाद जिले के 48 किसानों ने सक्रिय रूप से भाग लिया।
इस परिभ्रमण दल का नेतृत्व बीटीएम आशुतोष कुमार (बारूण) एवं एटीएम अभिषेक कुमार (औरंगाबाद) द्वारा किया गया। कार्यक्रम के दौरान किसानों को निम्नलिखित विषयों पर व्यावहारिक प्रशिक्षण एवं प्रदर्शन के माध्यम से जानकारी दी गई— वर्मी कम्पोस्ट निर्माण एवं उपयोग, विभिन्न प्रकार के शेडनेट एवं पॉलीनेट संरचनाएँ, ड्रैगन फ्रूट की उन्नत खेती तकनीक, पौधशाला (नर्सरी) प्रबंधन, मशरूम उत्पादन तकनीक एवं विपणन।

विशेषज्ञों द्वारा किसानों को आधुनिक कृषि पद्धतियों, जल संरक्षण, जैविक खेती तथा आय बढ़ाने के उपायों पर विस्तार से मार्गदर्शन दिया गया। किसानों को उन्नत कृषि मॉडल एवं प्रायोगिक इकाइयों का अवलोकन कराया गया। आधुनिक तकनीक के उपयोग से लागत कम एवं उत्पादन बढ़ाने के उपाय बताए गए। किसानों को आत्मनिर्भर एवं लाभकारी खेती की दिशा में प्रेरित किया गया। किसानों ने नई तकनीकों को अपने क्षेत्र में अपनाने के प्रति उत्साह व्यक्त किया तथा कृषि विभाग एवं आत्मा औरंगाबाद के प्रति आभार प्रकट किया।