नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। औरंगाबाद शहर के कर्मा रोड स्थित चित्रगुप्त सभागार-सह-लोकनायक जयप्रकाश नारायण सांस्कृतिक भवन में एक मार्च को ग्लोबल कायस्थ कांफ्रेंस के तत्वावधान में रंगोत्सव होली मिलन समारोह का आयोजन किया जाएगा।
जीकेसी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष कमल किशोर एवं जिला महासचिव अजय वर्मा ने बताया कि कार्यक्रम को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं। रंगोत्सव के अवसर पर समाज के प्रबुद्धजन, गणमान्य नागरिक, युवा एवं महिलाएं बड़ी संख्या में शामिल होंगे। समारोह के दौरान सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, पारंपरिक होली गीत और आपसी सौहार्द का संदेश दिया जाएगा।
इस अवसर पर नवनियुक्त लोक अभियोजक अजय कुमार संतोष को सम्मानित भी किया जाएगा। आयोजकों ने कहा कि यह कार्यक्रम सामाजिक एकता, भाईचारे और सांस्कृतिक परंपराओं को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
समारोह में जिले के विभिन्न प्रखंडों से कायस्थ समाज के प्रतिनिधियों के भाग लेने की संभावना है। आयोजकों ने सभी सदस्यों से समय पर पहुंचकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है।