दो दिवसीय विष्णु धाम महोत्सव, 2026 का विधिवत शुभारंभ
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। आज पर्यटन विभाग, बिहार सरकार एवं जिला प्रशासन, औरंगाबाद के संयुक्त तत्वावधान में बारुण प्रखंड अंतर्गत जम्होर-रढुआ स्थित विष्णुधाम के प्रांगण में दो दिवसीय विष्णु धाम महोत्सव, 2026 का विधिवत शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का प्रारंभ बिहार गीत के सामूहिक गायन से किया गया। तत्पश्चात महोत्सव का उद्घाटन अपर समाहर्ता अनुग्रह नारायण सिंह, सदर अनुमंडल पदाधिकारी संतन कुमार सिंह, वरीय उपसमाहर्ता रितेश कुमार यादव, जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी कुमार पप्पू राज, प्रखंड विकास पदाधिकारी बारुण नीरज कुमार तथा आयोजन समिति के अध्यक्ष अजीत कुमार सिंह द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलन कर संपन्न किया गया।

इस अवसर पर सभी अतिथियों को पौधा भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम स्थल पर जूनियर रेड क्रॉस एवं मिश्रीलाल लक्ष्मी नारायण कन्या उच्च विद्यालय, जम्होर की छात्राओं द्वारा स्वागत गान प्रस्तुत कर अतिथियों का स्वागत किया गया। स्वागत भाषण में वरीय उपसमाहर्ता रितेश कुमार यादव ने कहा कि विष्णुधाम क्षेत्र की धार्मिक आस्था का प्रमुख केंद्र है, जहाँ श्रीहरि की पूजा-अर्चना परंपरागत विधि से की जाती है। उन्होंने महोत्सव में पधारे सभी अतिथियों एवं श्रद्धालुओं के प्रति आभार व्यक्त किया।

अपने संबोधन में सदर अनुमंडल पदाधिकारी संतन कुमार सिंह ने संबोधित करते हुए कहा कि पुनपुन एवं बटाने नदियों के पवित्र संगम पर आयोजित विष्णु धाम महोत्सव 2026 के भव्य कार्यक्रम का उद्घाटन करते हुए उन्हें अत्यंत प्रसन्नता हो रही है तथा वे स्वयं को सौभाग्यशाली मानते हैं कि उद्घाटन सत्र में सम्मिलित होने का अवसर प्राप्त हुआ। उन्होंने कहा कि यहाँ अवस्थित भगवान विष्णु का मंदिर अत्यंत प्राचीन है, जो आध्यात्मिक दृष्टिकोण से अत्यंत महत्वपूर्ण है तथा आसपास के क्षेत्रों के श्रद्धालुओं के लिए आस्था का प्रमुख केंद्र है। यह मंदिर पुनपुन एवं बटाने दोनों नदियों के पावन संगम पर स्थित है, जो प्राकृतिक एवं धार्मिक दोनों दृष्टियों से अपनी विशिष्ट पहचान रखता है। स्थानीय लोगों की इस मंदिर के प्रति गहरी आस्था है तथा श्रद्धालुओं के अनुसार यह स्थल सकारात्मक ऊर्जा का केंद्र माना जाता है। मंदिर का परिसर विस्तृत है, जहाँ विभिन्न देवी-देवताओं की प्रतिमाएँ स्थापित हैं और नियमित रूप से पूजा-अर्चना की जाती है।

उन्होंने आगे कहा कि पुनपुन नदी को धर्मशास्त्रों में ‘आदि गंगा’ के रूप में भी महत्व प्रदान किया गया है। कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर यहाँ आयोजित होने वाला विशाल मेला एवं श्रद्धालुओं की भारी उपस्थिति इस स्थल की धार्मिक महत्ता को और अधिक सुदृढ़ करती है।
सदर अनुमंडल पदाधिकारी ने कहा कि आस्था के इस केंद्र में कई वर्षों से विष्णु धाम महोत्सव का आयोजन होता रहा है। गत वर्ष से इस महोत्सव का आयोजन पर्यटन विभाग, बिहार सरकार एवं जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है, जिससे आयोजन को सुव्यवस्थित एवं व्यापक स्वरूप प्राप्त हुआ है। महोत्सव के अवसर पर विविध सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता है। इस मंच के माध्यम से स्थानीय कलाकारों को अपनी कला प्रदर्शित करने का अवसर प्राप्त होता है तथा बाहरी कलाकारों की प्रस्तुति से कार्यक्रम की गरिमा में वृद्धि होती है।
उन्होंने उपस्थित सभी ग्रामीणों एवं श्रद्धालुओं से अपील की कि वे शांति, सौहार्द एवं सामाजिक समरसता का परिचय देते हुए महोत्सव को सफल बनाने में सहयोग प्रदान करें।
महोत्सव के अंतर्गत जिला स्तरीय रंगोली प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया, जिसमें दर्जनों छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

धन्यवाद ज्ञापन करते हुए जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी कुमार पप्पू राज ने कहा कि विष्णुधाम धार्मिक आस्था का प्रतीक एवं सांस्कृतिक एकता का संगम है। उन्होंने आयोजन में सहयोग प्रदान करने वाले सभी व्यक्तियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम के द्वितीय सत्र में इंडियन आइडल के राष्ट्रीय स्तर के गायक कपिल थापा द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुति दी गई, जिसे उपस्थित दर्शकों द्वारा सराहा गया।
इस अवसर पर विभिन्न जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक पदाधिकारी, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।