पूर्व सांसद ने हरसंभव मदद करने का दिया आश्वासन
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। औरंगाबाद के पवई गांव निवासी महेन्द्र भगत के पुत्र सूरज कुमार ने दिल्ली में आयोजित एशियन पावरलिफ्टिंग चैम्पियनशिप में दो स्वर्ण पदक जीतकर औरंगाबाद जिले समेत देश का नाम रोशन किया है। सूरज ने अपने वजन से तीन गुणा से ज्यादा वजन उठाकर रिकॉर्ड बनाया है। उसकी इस शानदार उपलब्धि पर शुक्रवार को गांव के खेल मैदान में एक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इसमें मुख्य अतिथि के रूप में औरंगाबाद के पूर्व सांसद सुशील कुमार सिंह शामिल हुए।
पूर्व सांसद ने सूरज कुमार को सम्मानित करते हुए कहा कि गांव के बच्चे ने देश का नाम रोशन किया है, यह गर्व का विषय है। इससे गांव के अन्य बच्चों को प्रेरणा मिलेगी। पवई स्वतंत्रता सेनानी स्व. राजा नारायण सिंह की वीर भूमि है। उन्होंने ईश्वर से सूरज के उज्ज्वल भविष्य एवं निरंतर सफलता की कामना करते हुए वर्ल्ड ओलंपिक में भाग लेने की बात कही है। साथ ही उसे हरसंभव मदद करने का आश्वासन भी दिया है। कहा कि मेरी आदत है कि हर जरूरतमंद व्यक्ति की मदद जरूर करें।
श्री सिंह ने कहा कि आज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार ने देश के खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए सहायता देना शुरू किया तो भारत का प्रदर्शन अब विश्व में सम्मान के लायक हो गया। वहीं खेलो इंडिया कार्यक्रम के तहत खिलाड़ी देश का नाम रोशन कर रहे हैं। अब सर्टिफिकेट लाओ नौकरी पाओ योजना का लाभ खिलाड़ी उठा रहे हैं।
मौके पर पूर्व मुखिया शैलेंद्र दुबे, विनय मिश्रा, प्रफुल्ल, अरविंद सिंह, अभय सिंह, प्रिंस दुबे, सुबोध सिंह, पप्पू सिंह, सत्येन्द्र सिंह, गौतम कुमार, उमाकांत, रंजीत सिंह आदि मौजूद रहे।