उत्तर कोयल जलाशय योजना के भौतिक प्रगति की समीक्षा हेतु बैठक आयोजित
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। आज जिला पदाधिकारी अभिलाषा शर्मा द्वारा उत्तर कोयल जलाशय योजना के भौतिक प्रगति की समीक्षा हेतु जिला पदाधिकारी की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलास्तरीय पदाधिकारियों के अतिरिक्त जल संसाधन विभाग के अधिकारी, वाप्कोस (WAPCOS) के प्रतिनिधि एवं संबंधित संवेदक उपस्थित थे।
बैठक में मुख्य रूप से नहर निर्माण कार्य में आ रही तकनीकी एवं स्थानीय समस्याओं की समीक्षा करते हुए उनके त्वरित निराकरण पर विशेष बल दिया गया। वाप्कोस के प्रतिनिधियों एवं संबंधित संवेदक द्वारा अवगत कराया गया कि कुटुंबा प्रखंड अंतर्गत ढिबरा गांव के समीप हेड रेगुलेटर एवं क्रॉस रेगुलेटर का निर्माण कार्य प्रगति पर है। तकनीकी दृष्टिकोण से निर्माण कार्य संतोषजनक है, तथापि स्थानीय ग्रामीणों द्वारा पूर्व में निर्मित समान संरचना के कारण हुई दुर्घटनाओं का हवाला देते हुए सुरक्षा संबंधी आशंकाएँ व्यक्त की गई हैं।
जिला पदाधिकारी ने उक्त विषय को गंभीरता से लेते हुए वरीय उप समाहर्ता रितेश कुमार यादव, जल संसाधन विभाग के मुख्य अभियंता, वाप्कोस के पदाधिकारी, अंचल अधिकारी कुटुंबा तथा ग्रामीण कार्य विभाग, औरंगाबाद के कार्यपालक अभियंता को स्थल निरीक्षण कर आवश्यक निराकरण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
बैठक के दौरान वाप्कोस एवं संबंधित संवेदक द्वारा यह भी अवगत कराया गया कि अंबा प्रखंड के सैदपुर नौखड़ा के समीप, चाइनेज 50 किमी के पास, NHAI टीम द्वारा पूर्व से अवस्थित तालाब को और गहरा किया जा रहा है, जिससे निकटवर्ती नहर में जल-सीपेज की संभावना उत्पन्न हो सकती है। इससे नहर की लाइनिंग एवं समीपवर्ती सड़क को क्षति पहुँचने की आशंका व्यक्त की गई। इस संबंध में जिला पदाधिकारी ने अपर समाहर्ता को निर्देशित किया कि वे NHAI की टीम से समन्वय स्थापित कर नहर से संबंधित समस्या का त्वरित समाधान सुनिश्चित करें।
समीक्षा बैठक में यह भी जानकारी दी गई कि पैकेज-7 से संबंधित निविदा प्रक्रिया पूर्ण कर ली गई है तथा उक्त पैकेज अंतर्गत कार्य होली पर्व के उपरांत शीघ्र प्रारंभ किया जाएगा। इस पैकेज के अंतर्गत कार्य प्रारंभ होने से संपूर्ण परियोजना की भौतिक प्रगति में उल्लेखनीय तेजी आने की संभावना है।
अंत में जिला पदाधिकारी ने सभी संबंधित कार्यपालक अभियंताओं को निर्देशित किया कि सतत लीज के अंतर्गत उपलब्ध कराई गई भूमि का पंजीकरण कार्य शीघ्र पूर्ण कराते हुए आगामी निर्माण कार्य प्रारंभ करना सुनिश्चित करें।