बीपीएससी परीक्षा के सफल एवं कदाचारमुक्त संचालन को लेकर मुख्य सचिव ने की समीक्षा
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। आज बिहार लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित एकीकृत 72वीं संयुक्त प्रारंभिक प्रतियोगिता परीक्षा के सफल, शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त संचालन के मद्देनजर बिहार के मुख्य सचिव की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से राज्य के सभी जिला पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में औरंगाबाद जिला से जिला पदाधिकारी अभिलाषा शर्मा, अपर समाहर्ता अनुग्रह नारायण सिंह तथा जिला शिक्षा पदाधिकारी सुरेंद्र कुमार वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सम्मिलित हुए।
बैठक के दौरान मुख्य सचिव ने परीक्षा के सफल एवं निष्पक्ष संचालन हेतु सभी जिला पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए। उन्होंने निर्देश दिया कि परीक्षा कार्य में संलग्न बायोमेट्रिक एजेंसी एवं जैमर एजेंसी के सभी कर्मियों का पुलिस सत्यापन (Police Verification) सुनिश्चित कराया जाए, ताकि परीक्षा की गोपनीयता एवं सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह सुदृढ़ बनी रहे।
मुख्य सचिव ने यह भी निर्देश दिया कि सभी जिला पदाधिकारी अपने-अपने जिले के केंद्राधीक्षकों के साथ पूर्व में बैठक एवं ब्रीफिंग आयोजित कर परीक्षा संबंधी सभी दिशा-निर्देशों से उन्हें अवगत कराएं। साथ ही यह सुनिश्चित किया जाए कि परीक्षा केंद्रों पर प्रवेश के समय सभी परीक्षार्थियों के पास सरकार द्वारा निर्गत वैध पहचान पत्र (Government Issued ID Card) उपलब्ध हो।
बैठक में अभ्यर्थियों के आवासन एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की गई। मुख्य सचिव ने निर्देश दिया कि सभी जिला पदाधिकारी 30 जून 2026 तक अपने-अपने जिले में उपलब्ध आवासन क्षमता की अद्यतन सूची राज्य मुख्यालय को उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। इस क्रम में औरंगाबाद जिला प्रशासन द्वारा 13,000 से अधिक अभ्यर्थियों के लिए उपलब्ध आवासन क्षमता की सूची राज्य मुख्यालय को प्रेषित कर दी गई है।
गौरतलब है कि बिहार लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित 72वीं संयुक्त प्रारंभिक प्रतियोगिता परीक्षा आगामी माह 26 जुलाई को आयोजित की जानी है। जिला प्रशासन, औरंगाबाद द्वारा परीक्षा के सफल, पारदर्शी एवं कदाचारमुक्त संचालन के लिए सभी आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं।