नवबिहार टाइम्स संवाददाता
मसौढ़ी। रामनवमी के पावन अवसर पर जहां पूरे बिहार में भक्ति और उल्लास का माहौल देखने को मिल रहा है, वहीं मसौढ़ी में सांप्रदायिक सौहार्द और भाईचारे की अनोखी मिसाल सामने आई। यहां निकाली गई भव्य शोभायात्रा के दौरान मुस्लिम समुदाय के लोगों ने रामभक्तों के लिए “मोहब्बत का शरबत” शिविर लगाकर गंगा-जमुनी तहजीब की खूबसूरत तस्वीर पेश की।
शिविर का उद्घाटन स्थानीय विधायक अरुण मांझी, मुख्य पार्षद पिंकी देवी, बीडीओ प्रभाकर कुमार एवं कार्यपालक दंडाधिकारी धर्मवीर कुमार ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। इस दौरान जुलूस में शामिल श्रद्धालुओं को नींबू पानी और शरबत पिलाकर उनका स्वागत किया गया।
भाईचारे का दिया संदेश
कार्यक्रम के आयोजक मो. मकसूद रजा ने बताया कि हर वर्ष रामनवमी के अवसर पर मुस्लिम समुदाय के लोग इस तरह का शिविर लगाते हैं। उन्होंने कहा कि “हम सभी हिंदू भाइयों का दिल से स्वागत करते हैं और उन्हें शरबत पिलाकर प्रेम, शांति और एकता का संदेश देते हैं।”
“मसौढ़ी में मिलजुल कर मनते हैं त्योहार”
विधायक अरुण मांझी ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि मसौढ़ी गंगा-जमुनी तहजीब की मिसाल पेश कर रहा है। उन्होंने कहा कि “जहां कई जगहों पर धर्म के नाम पर तनाव देखने को मिलता है, वहीं मसौढ़ी में सभी समुदाय के लोग मिलजुल कर हर त्योहार मनाते हैं। मुस्लिम पर्वों में हिंदू भाई शामिल होते हैं और हिंदू पर्वों में मुस्लिम भाई बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हैं।”
प्रशासन भी रहा मौजूद
इस मौके पर स्थानीय प्रशासन की भी सक्रिय भागीदारी रही। थाना अध्यक्ष विजय यादव समेत अन्य अधिकारियों ने भी शिविर में पहुंचकर लोगों को शरबत पिलाया और आपसी सौहार्द को बढ़ावा दिया।
कार्यक्रम में मो. मसूद रजा, मो. अरशद हुसैन, मो. निसार, मो. केहसन, डॉ. सुधीर कुमार, ई. शंभू सिंह, थानाध्यक्ष विवेक भारती, राहुल चंद्रा, संजय केसरी, डॉ. सुनील गावस्कर, मो. मेराज अहमद, डॉ. मंगल सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
इस पहल ने यह साबित कर दिया कि आपसी प्रेम, सम्मान और सहयोग से समाज में एकता और सद्भाव को मजबूत किया जा सकता है।