नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। आज जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिला पदाधिकारी अभिलाषा शर्मा द्वारा प्रखण्ड परिसर स्थित ई०वी०एम०/वी०वी०पैट वेयरहाउस का त्रैमासिक निरीक्षण किया गया।

विदित हो कि भारत निर्वाचन आयोग, नई दिल्ली के निदेशानुसार ई०वी०एम०/वी०वी०पैट वेयरहाउस का नियमित निरीक्षण किया जाना अपेक्षित है, ताकि निर्वाचन प्रक्रिया की पारदर्शिता, विश्वसनीयता एवं सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

निरीक्षण के दौरान वेयरहाउस में सुरक्षित रखे गए ई०वी०एम० एवं वी०वी०पैट के रख-रखाव, सुरक्षा व्यवस्था तथा संधारित अभिलेखों की गहन जाँच की गई। जिला निर्वाचन पदाधिकारी द्वारा संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया गया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित सभी मानकों एवं दिशा-निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित किया जाए तथा वेयरहाउस की सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाए रखा जाए।

इस अवसर पर अपर समाहर्ता अनुग्रह नारायण सिंह, उप निर्वाचन पदाधिकारी मो० गजाली सहित मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।