नवबिहार टाइम्स संवाददाता
मसौढ़ी। कादिरगंज थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए विभिन्न कांडों में वांछित एक अपराधी को 582 बोतल अंग्रेजी शराब के साथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अपराधी की पहचान टुटु कुमार उर्फ राजीव रंजन उर्फ रागीव, पिता अखिलेश प्रसाद, निवासी पांडे बीघा कादिरगंज के रूप में हुई है।
सहायक पुलिस अधीक्षक कोमल मीणा ने प्रेस कांफ्रेंस आयोजित कर बताया कि बीती रात पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एक युवक स्कूटी से अंग्रेजी शराब का परिवहन कर रहा है। सूचना के सत्यापन के बाद रघुनाथपुर जाने वाली सड़क पर ट्रांसफार्मर के पास गश्ती दल को भेजा गया। पुलिस को देखते ही युवक भागने लगा, लेकिन खदेड़कर उसे पकड़ लिया गया।
पूछताछ के दौरान उसकी निशानदेही पर खेत में छिपाकर रखे गए 40 कार्टून में कुल 582 बोतल विदेशी शराब बरामद की गई। पुलिस ने सभी शराब को जब्त कर लिया है।
एएसपी ने बताया कि गिरफ्तार अपराधी का आपराधिक इतिहास भी रहा है। कादिरगंज थाना कांड संख्या 60/25 में पुलिस पर जानलेवा हमला कर आरोपी को छुड़ाने के मामले सहित शराब एवं आर्म्स एक्ट के कुल छह मामलों में वह वांछित था।
वहीं कादिरगंज थानाध्यक्ष रौशन कुमार ने बताया कि आरोपी पहले भी कई बार शराब तस्करी के मामलों में जेल जा चुका है और उसकी तलाश लंबे समय से की जा रही थी। पुलिस अब उसके भाई और पिता की संलिप्तता की भी जांच कर रही है।