1.64 लाख से अधिक परिवारों की सक्रिय भागीदारी
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। जिला पदाधिकारी-सह-प्रधान जनगणना अधिकारी, औरंगाबाद अभिलाषा शर्मा के कुशल नेतृत्व, प्रभावी मॉनिटरिंग एवं सतत मार्गदर्शन में औरंगाबाद जिले ने स्व-गणना के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करते हुए राज्य में सातवां स्थान प्राप्त किया है। यह उपलब्धि जिले के अधिकारियों, कर्मियों एवं आम नागरिकों के सक्रिय सहयोग का परिणाम है।
उल्लेखनीय है कि भारत की जनगणना 2027 के अंतर्गत आम नागरिकों को सुविधा प्रदान करने हेतु पहली बार स्व-गणना की व्यवस्था 17 अप्रैल से 01 मई 2026 तक उपलब्ध कराई गई थी। इस अवधि के दौरान औरंगाबाद जिले में कुल 1,64,124 परिवारों द्वारा सफलतापूर्वक स्व-गणना की गई, जो डिजिटल सहभागिता एवं जन-जागरूकता का सकारात्मक संकेत है।
जिला प्रशासन द्वारा इस अभियान को सफल बनाने के लिए व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार, जागरूकता कार्यक्रम, तकनीकी सहायता एवं हेल्पडेस्क की व्यवस्था की गई थी। प्रखंड एवं पंचायत स्तर तक अधिकारियों एवं कर्मियों की सक्रिय भूमिका सुनिश्चित की गई, जिससे आमजन को स्व-गणना प्रक्रिया में किसी प्रकार की कठिनाई का सामना नहीं करना पड़ा।
भारत की जनगणना 2027 को दो चरणों में संपन्न किया जाना निर्धारित है। प्रथम चरण के अंतर्गत मकान सूचीकरण एवं आवासीय विवरण संकलन का कार्य दिनांक 02 मई से 31 मई 2026 तक संचालित किया जाएगा। इस चरण में जनगणना कर्मी घर-घर जाकर आवश्यक जानकारी संकलित करेंगे।
जिला पदाधिकारी ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य में सक्रिय सहयोग प्रदान करें एवं जनगणना कर्मियों को सही एवं सटीक जानकारी उपलब्ध कराएं, ताकि योजनाओं के निर्माण एवं क्रियान्वयन में सटीक आंकड़ों का उपयोग सुनिश्चित हो सके।