कहा- कार्यपालक अभियंता के विरुद्ध हो कार्रवाई
नवबिहार टाइम्स संवाददाता
दाउदनगर (औरंगाबाद)। एनएच 120 दाउदनगर गया मार्ग पर बुधन बिगहा के पास सोमवार को एक पिकअप ने बाइक सवार को कुचल दिया। घटनास्थल पर ही बाइक सवार युवक राहुल कुमार की मौत हो गई। इस 25 वर्षीय युवक की पहचान तेजपुरा निवासी अजय सिंह के पुत्र के रूप में हुई है। दाउदनगर की तरफ से वह बाइक से कहीं जा रहे थे, जब पिकअप में उन्हें कुचल दिया। युवक की सड़क पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने एनएच को कई घंटे तक जाम रखा। मौके पर पुलिस प्रशासन पहुंचा और जाम हटाने की कोशिश की।
इस बीच क्षेत्रीय विधायक डॉ प्रकाश चंद्र पहुंचे। लोगों को उन्होंने समझाया। किसी तरह जाम हटा। विधायक ने इस हादसे के लिए (भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण) एनएचएआई को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा है कि इसके कार्यपालक अभियंता के विरुद्ध कार्रवाई होनी चाहिए।
विधायक डॉ. प्रकाश चन्द्र ने कहा कि उन्होंने पूर्व में ही एनएचएआई के कार्यपालक अभियंता को पत्र लिखकर और फोन के माध्यम से आगाह किया था कि एनएच पर दोनों तरफ बालू जमा होने के कारण लगातार बाइक दुर्घटनाएं हो रही हैं। उन्होंने स्पष्ट रूप से आशंका जताई थी कि यदि बालू नहीं हटाया गया तो किसी बड़ी जानमाल की क्षति हो सकती है, लेकिन अधिकारी अपनी उदासीनता पर अड़े रहे।