निर्धारित लक्ष्य 14,000 के विरुद्ध अब तक 866 शौचालयों का किया गया है निर्माण
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। आज जिला पदाधिकारी अभिलाषा शर्मा द्वारा ग्रामीण विकास विभाग अंतर्गत संचालित विभिन्न योजनाओं की समीक्षा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से की गई। समीक्षा के क्रम में स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) एवं लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान के तहत प्रखंडवार व्यक्तिगत शौचालय निर्माण की प्रगति की समीक्षा की गई। वित्तीय वर्ष 2026-27 में निर्धारित कुल लक्ष्य 14,000 के विरुद्ध अब तक 866 शौचालयों का निर्माण किया गया है।
इस पर जिला पदाधिकारी द्वारा सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया कि ग्राम पंचायत स्तर पर सघन अभियान चलाकर योग्य लाभुकों की पहचान सुनिश्चित करें तथा स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) पोर्टल पर प्रविष्टि के उपरांत जियोटैगिंग कार्य में तेजी लाते हुए प्रगति सुनिश्चित करें।
साथ ही, प्रखंडों द्वारा महादलित टोलों में शौचालय विहीन परिवारों की पहचान की गई है। जिला पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि ऐसे परिवारों का पुनः सत्यापन कराते हुए योग्य लाभुकों के लिए शीघ्र शौचालय निर्माण कार्य सुनिश्चित कराया जाए। बैठक में प्रखंड विकास पदाधिकारियों को यह भी निर्देश दिया गया कि प्रखंड स्तर पर विभाग द्वारा उपलब्ध कराई गई राशि का आगामी तीन दिनों के भीतर व्यय सुनिश्चित करते हुए प्रतिवेदन समर्पित करें।
इसके अतिरिक्त ग्राम पंचायत स्तर पर स्थित प्रमुख हाट-बाजारों में नियमित साफ-सफाई एवं कचरा उठाव की व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा अक्रियाशील पैडल रिक्शा एवं ई-रिक्शा को अविलंब क्रियाशील कराने का निर्देश दिया गया।
बैठक में उप विकास आयुक्त अनन्या सिंह, निदेशक, डीआरडीए अनुपम कुमार, डीपीओ मनरेगा सहित अन्य जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित थे। वहीं वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी एवं अन्य प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी भी जुड़े रहे।