नवबिहार टाइम्स संवाददाता
मसौढ़ी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा देशवासियों से एक वर्ष तक गैर-जरूरी सोना नहीं खरीदने की अपील के बाद मसौढ़ी समेत बिहार के कई सर्राफा बाजारों में हलचल मच गई है। बुधवार को मसौढ़ी सर्राफा बाजार की कई दुकानें बंद रहीं और बाजार में सन्नाटा पसरा दिखाई दिया।
आभूषण व्यवसायियों ने प्रधानमंत्री की अपील पर नाराजगी जताते हुए कहा कि इससे उनके रोजगार पर सीधा असर पड़ेगा। मसौढ़ी सर्राफा दुकानदार संघ के अध्यक्ष अनिल कुमार ने कहा कि अधिकांश दुकानदारों की आजीविका केवल आभूषण व्यवसाय पर निर्भर है। उन्होंने कहा कि “न खेती है, न दूसरा कारोबार। अगर सोने की खरीद बंद हो गई तो हम लोग क्या करेंगे?”
वहीं विक्की जायसवाल, संतोष कुमार और इंदू ज्वेलर्स के शशि भूषण सहित अन्य व्यवसायियों ने भी चिंता जताते हुए कहा कि पहले से बाजार मंदी की मार झेल रहा है और अब इस अपील से छोटे दुकानदारों एवं कारीगरों की स्थिति और खराब हो जाएगी।
दरअसल, हैदराबाद में आयोजित एक जनसभा के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रीय हित का हवाला देते हुए लोगों से एक वर्ष तक गैर-जरूरी सोना नहीं खरीदने की अपील की थी। उन्होंने पेट्रोल-डीजल की खपत कम करने के लिए वर्क फ्रॉम होम और कार पूलिंग अपनाने की भी सलाह दी थी।
विशेषज्ञों के अनुसार, मिडिल ईस्ट में जारी तनाव और कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों के कारण भारत के विदेशी मुद्रा भंडार पर दबाव बढ़ा है। भारत अपनी अधिकांश सोने की जरूरतों के लिए आयात पर निर्भर है और वर्ष 2025 में सोने का आयात बढ़कर 58.9 अरब डॉलर तक पहुंच गया है।
मसौढ़ी सर्राफा एसोसिएशन के अध्यक्ष अनिल कुमार ने कहा कि शादी-विवाह के मौसम में यदि लोग सोना खरीदना बंद कर देंगे तो लाखों कारीगर और मजदूर बेरोजगार हो जाएंगे। उन्होंने यह भी कहा कि पहले से 3 प्रतिशत जीएसटी और हॉलमार्किंग जैसी व्यवस्थाओं से व्यापारी परेशान हैं, अब यह अपील व्यवसाय को और प्रभावित करेगी।
सरकारी सूत्रों के अनुसार प्रधानमंत्री की यह अपील बाध्यकारी नहीं, बल्कि स्वैच्छिक सहयोग की भावना से की गई है। सरकार का मानना है कि यदि सोने का आयात कम होता है तो विदेशी मुद्रा की बचत होगी, रुपया मजबूत होगा और चालू खाता घाटा कम करने में मदद मिलेगी।
रोष व्यक्त करने वालों में सुरेंद्र खत्री, चंद्रभूषण प्रसाद, अमित कुमार, धर्मपाल कुमार, राजू खत्री एवं दीपक कुमार सहित कई आभूषण व्यवसायी शामिल रहे।