हवन के धुएं से भड़की मधुमक्खियां, बरगद पेड़ के नीचे मची अफरा-तफरी
नवबिहार टाइम्स संवाददाता
मसौढ़ी। वट सावित्री पूजा के दौरान शनिवार को धनरुआ प्रखंड के निमड़ा गांव में एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। बरगद पेड़ के नीचे पूजा कर रहीं महिलाओं पर अचानक मधुमक्खियों के झुंड ने हमला कर दिया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। घटना में करीब एक दर्जन महिलाएं घायल हो गईं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सुबह करीब 10 बजे गांव की बड़ी संख्या में सुहागिन महिलाएं बरगद पेड़ के नीचे पारंपरिक तरीके से वट सावित्री पूजा कर रही थीं। पूजा संपन्न होने के बाद हवन शुरू किया गया। इसी दौरान हवन से उठे धुएं के कारण पेड़ पर लगे मधुमक्खियों के बड़े छत्ते में हलचल मच गई और मधुमक्खियां अचानक उग्र होकर नीचे मौजूद महिलाओं पर टूट पड़ीं।
अचानक हुए हमले से पूजा स्थल पर भगदड़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई। महिलाएं अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगीं। कई महिलाओं को मधुमक्खियों ने शरीर के विभिन्न हिस्सों में काट लिया, जिससे वे दर्द से कराह उठीं।
घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने घायल महिलाओं को तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां उनका इलाज किया गया। स्थानीय लोगों ने बताया कि कुछ देर तक पूजा स्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा, हालांकि बाद में स्थिति सामान्य हो गई।
चिकित्सकों के अनुसार सभी घायल महिलाएं खतरे से बाहर हैं और उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। घटना के बाद गांव में चर्चा का विषय बना रहा कि पूजा स्थलों पर सुरक्षा और सावधानी को लेकर विशेष ध्यान देने की जरूरत है।