नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
पटना। ग्रामीण विकास एवं सूचना-जनसंपर्क विभाग के मंत्री तथा विधायक दल के नेता श्रवण कुमार ने खगड़िया नगर परिषद के सन्हौली निवासी, जनता दल (यू) के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व जिला प्रवक्ता स्वर्गीय अरविन्द मोहन के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि अरविन्द मोहन का निधन न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे खगड़िया जिले और जदयू परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है।
मंत्री श्री कुमार ने स्वर्गीय अरविन्द मोहन के श्राद्ध कार्यक्रम में उनके सन्हौली स्थित आवास पर पहुंचकर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि अरविन्द मोहन का सामाजिक एवं राजनीतिक योगदान, उनके विचार तथा संगठन के प्रति उनकी निष्ठा सदैव स्मरणीय रहेगी। उन्होंने कहा कि जदयू परिवार हमेशा उन्हें सम्मान और आदर के साथ याद करता रहेगा।
श्री कुमार ने कहा कि अरविन्द मोहन का परिवार लंबे समय से समाजवादी विचारधारा से जुड़ा रहा है। उनके आवास पर समय-समय पर देश के कई प्रमुख समाजवादी नेताओं का आगमन होता रहा। उनका संबंध जननायक कर्पूरी ठाकुर, राम मनोहर लोहिया, जयप्रकाश नारायण, मधु लिमये तथा रामविलास पासवान जैसे दिग्गज नेताओं से पारिवारिक स्तर पर रहा था।
उन्होंने कहा कि अरविन्द मोहन के निधन से खगड़िया ने एक सजग, कर्मठ और विचारशील जननेता को खो दिया है। वे सामाजिक न्याय, सुशासन, महिला सशक्तिकरण और विकास की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते रहे।
श्रद्धांजलि सभा में विधायक पन्ना लाल सिंह पटेल, विधायक बाबूलाल शौर्य तथा विधायक बब्लू मंडल ने संयुक्त रूप से शोक व्यक्त करते हुए कहा कि अरविन्द मोहन पिछले दो दशकों से जदयू के प्रवक्ता के रूप में सक्रिय रहे और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की नीतियों एवं विकास कार्यक्रमों को जनता तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वे केवल एक राजनीतिक कार्यकर्ता ही नहीं, बल्कि समाज और संगठन के बीच एक मजबूत सेतु भी थे।
इस अवसर पर जदयू, भाजपा और अन्य राजनीतिक दलों के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे और स्वर्गीय अरविन्द मोहन के प्रति अपनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।