नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
पटना। भारतीय जनता पार्टी ओबीसी मोर्चा के नव नियुक्त प्रदेश अध्यक्ष प्रमोद कुमार चंद्रवंशी ने दायित्व ग्रहण करने के बाद मंगलवार को पटना के ऐतिहासिक माँ शीतला मंदिर पहुंचकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की तथा माँ शीतला का आशीर्वाद प्राप्त किया। उन्होंने प्रदेश और देशवासियों के सुख, शांति, समृद्धि एवं उत्तम स्वास्थ्य की कामना करते हुए संगठन की मजबूती और जनसेवा के कार्यों में सफलता के लिए विशेष प्रार्थना की।
मंदिर परिसर में पूजा-अर्चना के दौरान श्री चंद्रवंशी ने कहा कि सार्वजनिक जीवन में नई जिम्मेदारी मिलने के बाद ईश्वर का आशीर्वाद और जनता का विश्वास सबसे बड़ी ताकत होती है। उन्होंने माँ शीतला से प्रार्थना की कि उन्हें संगठन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने तथा समाज के वंचित, पिछड़े और जरूरतमंद वर्गों की सेवा करने की शक्ति प्रदान करें।
उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का मूल उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग तक विकास और कल्याण की योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। ओबीसी मोर्चा संगठन को और अधिक सशक्त बनाते हुए सामाजिक समरसता, संगठन विस्तार और जनसंपर्क अभियान को गति देने का कार्य करेगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से भी समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचकर उनकी समस्याओं के समाधान के लिए कार्य करने का आह्वान किया।
मंदिर में पूजा के बाद उपस्थित कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने नव नियुक्त प्रदेश अध्यक्ष का स्वागत किया तथा उनके नेतृत्व में संगठन के और अधिक मजबूत होने की उम्मीद जताई। इस अवसर पर पार्टी के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।