संस्थान के लिए महत्वपूर्ण मील का पत्थर है एनबीए मान्यता : प्राचार्य डॉ. बी. के. सिंह
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। राजकीय पॉलिटेक्निक, औरंगाबाद के लिए अत्यंत गर्व एवं हर्ष का विषय है कि संस्थान के यांत्रिकी अभियंत्रण विभाग को नेशनल बोर्ड ऑफ एक्रेडिटेशन द्वारा आगामी तीन वर्षों के लिए मान्यता प्रदान की गई है। एनबीए द्वारा यह मान्यता 01 जनवरी 2026 से 31 दिसंबर 2028 तक के लिए प्रदान की गई है। यह उपलब्धि विभाग की शैक्षणिक गुणवत्ता, उत्कृष्ट शिक्षण व्यवस्था, आधुनिक प्रयोगशालाओं तथा विद्यार्थियों के समग्र विकास के प्रति संस्थान की प्रतिबद्धता का प्रमाण है।
इस महत्वपूर्ण उपलब्धि का श्रेय संस्थान के प्राचार्य डॉ. बी. के. सिंह के दूरदर्शी नेतृत्व एवं सतत मार्गदर्शन को जाता है। साथ ही, यांत्रिकी अभियंत्रण विभाग के विभागाध्यक्ष रंजन कुमार के कुशल नेतृत्व, समर्पण तथा अथक प्रयासों के परिणामस्वरूप विभाग यह गौरवपूर्ण उपलब्धि प्राप्त कर सका है।

इस अवसर पर प्राचार्य डॉ. बी. के. सिंह ने कहा कि एनबीए मान्यता संस्थान के लिए एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है, जो गुणवत्तापूर्ण तकनीकी शिक्षा प्रदान करने की हमारी प्रतिबद्धता को और सुदृढ़ करेगा। प्राचार्य ने इस महत्वपूर्ण उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह सफलता संस्थान के सभी शिक्षकों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने इस उपलब्धि का श्रेय विज्ञान, प्रौद्योगिकी एवं तकनीकी शिक्षा विभाग, बिहार सरकार, विभाग के सचिव एवं वरिष्ठ अधिकारियों तथा राज्य प्रावैधिकी शिक्षा पार्षद, बिहार सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों के सतत मार्गदर्शन, सहयोग और प्रोत्साहन को भी दिया।
श्री सिंह ने कहा कि विभाग से प्राप्त सहयोग एवं सकारात्मक नेतृत्व के कारण ही संस्थान गुणवत्ता के उच्च मानकों को प्राप्त करने में सफल हुआ है। विभागाध्यक्ष रंजन कुमार ने इस उपलब्धि को विभाग के सभी शिक्षकों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों एवं संस्थान प्रशासन के सामूहिक प्रयासों का परिणाम बताते हुए सभी को बधाई दी।
संस्थान परिवार इस सफलता का श्रेय प्राचार्य, विभागाध्यक्ष, सभी व्याख्याताओं, शिक्षकेत्तर कर्मचारियों तथा संस्थान के प्रत्येक सदस्य को देता है, जिनके सहयोग, समर्पण एवं कठोर परिश्रम से यह उपलब्धि संभव हो सकी है। राजकीय पॉलिटेक्निक, औरंगाबाद भविष्य में भी तकनीकी शिक्षा की गुणवत्ता को नई ऊँचाइयों तक ले जाने के लिए प्रतिबद्ध रहेगा।