नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
मुजफ्फरपुर। शहर के ब्रह्मपुरा स्थित प्रसाद हॉस्पिटल में गुरुवार तड़के करीब 4 बजे लगी भीषण आग से बड़ा हादसा हो गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग अस्पताल के ICU वार्ड तक पहुंच गई, जिससे वहां भर्ती मरीज इसकी चपेट में आ गए। घटना में 5 मरीजों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि करीब एक दर्जन मरीज झुलस गए हैं। इनमें कई की हालत गंभीर बताई जा रही है।
घटना के बाद अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। दमकल विभाग, पुलिस और प्रशासन की टीमें तत्काल मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। गंभीर रूप से घायल मरीजों को अन्य अस्पतालों में स्थानांतरित कर उपचार कराया जा रहा है। आग लगने के कारणों का अभी तक आधिकारिक खुलासा नहीं किया गया है।
जिलाधिकारी सुव्रत सेन ने 5 लोगों की मौत की पुष्टि करते हुए बताया कि मृतकों के परिजनों को आपदा प्रबंधन विभाग की ओर से 4-4 लाख रुपये की अनुग्रह सहायता प्रदान की गई है। साथ ही झुलसे हुए मरीजों के मामले में जांच के आदेश दिए गए हैं।
हादसे के बाद यह मामला राष्ट्रीय एवं राज्य मानवाधिकार आयोग तक पहुंच गया है। मानवाधिकार मामलों के अधिवक्ता एस. के. झा ने राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग और बिहार राज्य मानवाधिकार आयोग के समक्ष याचिका दायर की है।
अधिवक्ता एस.के. झा ने घटना को अत्यंत दुखद बताते हुए सेवानिवृत्त न्यायाधीश की निगरानी में उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है। उन्होंने अस्पताल प्रबंधन की जिम्मेदारी तय कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की भी मांग की है।
प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है। आग लगने के वास्तविक कारण, अस्पताल की अग्नि सुरक्षा व्यवस्था और हादसे में संभावित लापरवाही की जांच के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी। मृतकों की संख्या और घायलों की स्थिति को लेकर प्रशासन लगातार निगरानी बनाए हुए है।