नवबिहार टाइम्स संवाददाता
कौआकोल (नवादा)। प्रखंड के मंझिला पंचायत अंतर्गत बिन्दीचक गांव में जंगली हाथी के हमले में जान गंवाने वाले वृद्ध राजाराम पासवान के आश्रित को वन विभाग की ओर से 10 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई। सोमवार को विभागीय अधिकारियों ने मृतक की पत्नी रुक्मिणी देवी के घर पहुंचकर मुआवजा राशि का चेक सौंपा।
वन क्षेत्र पदाधिकारी (रेंजर) सौरभ सांडिल्य ने बताया कि गत 11 मई को बिन्दीचक गांव के फुसबंग्ला टोला निवासी राजाराम पासवान पर एक जंगली हाथी ने हमला कर दिया था। हमले में उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई थी। घटना के बाद वन विभाग द्वारा आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर सरकार की निर्धारित नीति के तहत मृतक के आश्रित को मुआवजा राशि उपलब्ध कराई गई।
इस अवसर पर प्रखंड विकास पदाधिकारी डॉ. अखिलेश कुमार ने कहा कि राज्य सरकार वन्यजीवों के हमले से प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने पीड़ित परिवार को हरसंभव सहयोग का भरोसा भी दिलाया।
मुआवजा वितरण के दौरान पंचायत समिति सदस्य प्रतिनिधि रंजीत रजक सहित अन्य स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने वन विभाग द्वारा त्वरित कार्रवाई कर सहायता राशि उपलब्ध कराने पर संतोष व्यक्त किया।
गौरतलब है कि वन्यजीवों के हमलों में जान गंवाने वाले लोगों के आश्रितों को सरकार की ओर से निर्धारित प्रावधानों के तहत आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है, ताकि प्रभावित परिवार को कठिन परिस्थितियों में कुछ राहत मिल सके।