नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
गोपालगंज। गोपालगंज के श्रीपुर थाना क्षेत्र में बंशी बतरहा गांव के समीप भोरे-मीरगंज मुख्य मार्ग पर वाहन जांच के दौरान पुलिस और कथित शराब तस्करों के बीच मुठभेड़ हो गई। इसमें एक दारोगा घायल हो गए, जबकि पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक संदिग्ध तस्कर को गोली लगी।
पुलिस के अनुसार श्रीपुर थाना के दारोगा संतोष कुमार पुलिस बल के साथ वाहन जांच अभियान चला रहे थे। इसी दौरान सूचना मिली कि एक स्कॉर्पियो वाहन में अवैध शराब की खेप ले जाई जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस ने बंशी बतरहा स्थित मिक्सी प्लांट के पास घेराबंदी कर वाहन को रोकने का प्रयास किया।
बताया जाता है कि चालक ने स्कॉर्पियो को पीछे करते हुए दारोगा संतोष कुमार को टक्कर मार दी, जिससे वे घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। इसके बाद वाहन में सवार एक संदिग्ध ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी।
पुलिस का कहना है कि आत्मरक्षा में की गई जवाबी कार्रवाई के दौरान किशन कुमार के जबड़े में गोली लगी। घायल आरोपी को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए पटना मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (पीएमसीएच) रेफर किया गया।
घटनास्थल से पुलिस ने शराब से लदी स्कॉर्पियो और एक देसी कट्टा बरामद करने का दावा किया है। मामले की जांच जारी है।
पुलिस अधीक्षक विनय तिवारी ने बताया कि तस्करों द्वारा पुलिस पर फायरिंग किए जाने के बाद आत्मरक्षा में कार्रवाई की गई, जिसमें एक आरोपी घायल हुआ। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और कानूनी प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी।