अति पिछड़ा एवं पिछड़ा समाज को भाजपा से जोड़ने का लिया संकल्प, संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने पर जोर
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
अरवल। अरवल के बैदराबाद स्थित सम्राट अशोक हॉल में ओबीसी मोर्चा एवं अति पिछड़ा समाज की ओर से भाजपा ओबीसी मोर्चा, बिहार प्रदेश के नवनियुक्त अध्यक्ष प्रमोद सिंह चंद्रवंशी के सम्मान में कृतज्ञता सह सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ पंडित दीनदयाल उपाध्याय एवं डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के तैलचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। समारोह की अध्यक्षता डॉ. चंद्रभूषण चंद्रवंशी ने की।
समारोह को संबोधित करते हुए कुर्था विधायक पप्पू वर्मा ने कहा कि प्रमोद सिंह चंद्रवंशी पिछड़ों, दलितों एवं वंचित समाज के सच्चे हितैषी हैं। उन्होंने अपने राजनीतिक और सामाजिक जीवन में हमेशा गरीबों एवं शोषितों की आवाज उठाने का कार्य किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा नेतृत्व द्वारा उन्हें ओबीसी मोर्चा का प्रदेश अध्यक्ष बनाकर समाज को एक मजबूत नेतृत्व प्रदान किया गया है। इसके लिए उन्होंने पार्टी के केंद्रीय एवं प्रदेश नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त किया।
विधायक ने कहा कि मगध एवं शाहाबाद क्षेत्र में एनडीए प्रत्याशियों की जीत में प्रमोद सिंह चंद्रवंशी की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्होंने कहा कि उन्हें आगे और बड़ी जिम्मेदारी दी जानी चाहिए, ताकि वे अति पिछड़ा एवं पिछड़ा समाज की और अधिक मजबूती से सेवा कर सकें। उन्होंने प्रशासन को भी सतर्क रहने की सलाह देते हुए कहा कि किसी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा सभी कार्यकर्ताओं को पूरा सम्मान मिलेगा।

अपने संबोधन में प्रदेश अध्यक्ष प्रमोद सिंह चंद्रवंशी ने कहा कि इसी हॉल में उन्होंने अरवल से भाजपा प्रत्याशी मनोज शर्मा एवं कुर्था से जदयू प्रत्याशी पप्पू वर्मा को विजयी बनाने का आह्वान किया था, जिसे जनता ने सफल बनाया। इसके लिए उन्होंने अरवल की जनता और कार्यकर्ताओं का अभिनंदन किया।
उन्होंने भाजपा के केंद्रीय एवं प्रदेश नेतृत्व, राष्ट्रीय मंत्री नितिन नवीन, प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी तथा संगठन महामंत्री भिखू भाई दलसानिया के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ओबीसी मोर्चा संगठन के “छोटे भाई” की भूमिका निभाते हुए भाजपा को और मजबूत करेगा।
उन्होंने कहा कि उनका लक्ष्य ओबीसी मोर्चा को बूथ स्तर तक सशक्त बनाना तथा अति पिछड़ा एवं पिछड़ा समाज के लोगों को पुनः भाजपा से जोड़ना है। उन्होंने बिहार में वर्ष 2005 के बाद हुए विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि पंचायत एवं नगर निकायों में अति पिछड़ा, महिला एवं दलित समाज को आरक्षण देकर उन्हें राजनीतिक रूप से सशक्त बनाने का कार्य किया गया।
श्री चंद्रवंशी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग को संवैधानिक दर्जा दिया गया, जिससे पिछड़े वर्गों को न्याय और अधिकार सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। उन्होंने जननायक कर्पूरी ठाकुर को भारत रत्न प्रदान किए जाने को पिछड़ा समाज के सम्मान से जोड़ते हुए प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी “सबका साथ, सबका विकास” के संकल्प के साथ देश को आगे बढ़ा रहे हैं और वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य जनता के सहयोग से अवश्य पूरा होगा। उन्होंने अति पिछड़ा एवं पिछड़ा समाज से भाजपा के साथ एकजुट होकर राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के अंत में उन्होंने भीषण गर्मी के बावजूद बड़ी संख्या में उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त किया और भाजपा को और मजबूत बनाने का संकल्प दोहराया।
इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष धर्मेंद्र तिवारी, जदयू जिला अध्यक्ष आनंद कुमार वर्मा, जदयू प्रदेश सचिव जितेंद्र पटेल सहित अनेक जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं पार्टी पदाधिकारी उपस्थित रहे।