नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर डी.ए.वी. पब्लिक स्कूल, दानी बीघा में रविवार को भव्य एवं प्रेरणादायक योग शिविर का आयोजन किया गया। विद्यालय की प्राचार्या अल्पना मिश्रा के नेतृत्व में शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने योगाभ्यास कर उत्तम स्वास्थ्य एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया।
इस वर्ष की थीम “स्वयं और समाज के लिए योग” को केंद्र में रखते हुए आयोजित कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः विद्यालय परिसर में ओम् की मंगल ध्वनि के साथ हुई। योग शिविर में विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए विभिन्न योगासनों एवं प्राणायाम का अभ्यास किया।

विद्यालय के शारीरिक शिक्षक सुमन कुमार ने प्रतिभागियों को सूर्य नमस्कार, पद्मासन, गोमुखासन, हलासन, मत्स्यासन, बकासन, चक्रासन, पूर्ण धनुरासन एवं शीर्षासन सहित विभिन्न योगासनों का अभ्यास कराया। उन्होंने योग के शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक लाभों की जानकारी देते हुए नियमित योगाभ्यास की आवश्यकता पर बल दिया।
इस अवसर पर प्राचार्या अल्पना मिश्रा ने कहा कि वर्तमान डिजिटल युग में बच्चे स्क्रीन और मानसिक तनाव से घिरे रहते हैं। ऐसे समय में योग उनकी एकाग्रता बढ़ाने, मानसिक संतुलन बनाए रखने और शारीरिक रूप से स्वस्थ रहने का सबसे प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि विद्यालय योग को केवल एक दिवस तक सीमित नहीं रखना चाहता, बल्कि इसे विद्यार्थियों की दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों एवं शिक्षकों के बीच फल, अंकुरित अनाज, शिकंजी एवं जूस का वितरण किया गया तथा सभी को स्वस्थ एवं संतुलित आहार के प्रति जागरूक किया गया। योग शिविर का समापन स्वस्थ जीवन एवं नियमित योगाभ्यास के संकल्प के साथ हुआ।