समाजसेवियों एवं पूजा समितियों ने सेवा भाव से किया व्रतियों का सहयोग
नवबिहार टाइम्स संवाददाता
कौआकोल। लोक आस्था के महापर्व छठ के अवसर पर कौआकोल प्रखंड के विभिन्न छठ घाटों पर समाजसेवियों एवं पूजा समितियों की ओर से सेवा शिविर लगाए गए। इन शिविरों के माध्यम से छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं के बीच चाय, कॉफी, बिस्किट, खीर, शर्बत एवं शुद्ध पेयजल का वितरण किया गया। विभिन्न स्थानों पर लगाए गए सेवा शिविरों में लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और श्रद्धालुओं की सेवा की।
प्रखंड के रानीबाजार स्थित सूर्य मंदिर छठ घाट पर शिव-पार्वती मंदिर समिति रानीबाजार के अध्यक्ष अंकित सिंह के नेतृत्व में सेवा शिविर लगाया गया। यहां समिति के सदस्यों ने श्रद्धालुओं के लिए चाय, कॉफी एवं बिस्किट की व्यवस्था की। शिविर में उदय सिंह, अजित चौरसिया, बिपिन चौरसिया, संजीव कुमार, सिंटू चौरसिया, राजा वर्णवाल, प्रमोद वर्णवाल, विकास, जितेंद्र, कौशल, शैलेन्द्र एवं कारू सहित अन्य सदस्यों ने सक्रिय सहयोग किया। वहीं, मणिशंकर गुप्ता एवं मोलू कुमार की ओर से शुद्ध पेयजल की व्यवस्था की गई।
इसी तरह थाना गेट के समीप स्थित श्री मारुतिनंदन संकट मोचन मंदिर समिति की ओर से अध्यक्ष छोटू मालाकार के नेतृत्व में सेवा शिविर लगाया गया। यहां शम्भू यादव, अजित वर्मा एवं जितेंद्र यादव सहित अन्य सहयोगियों के सहयोग से श्रद्धालुओं के बीच खीर का वितरण किया गया।
वहीं, जोगाचक गांव स्थित छठ घाट के समीप समाजसेवी सह युवा नेता विकास सम्राट उर्फ विकास यादव ने सेवा शिविर लगाकर श्रद्धालुओं के बीच शुद्ध पेयजल, शर्बत, चाय एवं बिस्किट का वितरण किया।
छठ महापर्व के अवसर पर विभिन्न स्थानों पर लगाए गए इन सेवा शिविरों के माध्यम से समाजसेवियों एवं पूजा समितियों ने सेवा, सहयोग और सामाजिक सद्भाव की मिसाल पेश की। श्रद्धालुओं ने भी इस पहल की सराहना की।