नवबिहार टाइम्स संवाददाता
मसौढ़ी। थाना क्षेत्र के एक गांव में 22 वर्षीय युवती के साथ कथित सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, शनिवार देर शाम युवती शौच के लिए घर से निकली थी। आरोप है कि गांव के ही कुछ युवकों ने बगीचे में उसे पकड़ लिया, उसके हाथ-पैर बांध दिए तथा मुंह में कपड़ा ठूंसकर उसके साथ दुष्कर्म किया। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट किए जाने का भी आरोप है।
घटना के दौरान युवती के शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और डायल-112 को सूचना दी। सूचना मिलते ही मसौढ़ी थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और दो आरोपियों मुन्ना मांझी उर्फ मनोज समेत एक अन्य को तत्काल हिरासत में ले लिया। बाद में फरार चल रहे तीसरे आरोपी भीम मांझी को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने बताया कि पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया गया है तथा मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और मामले की जांच जारी है।
थानाध्यक्ष ने कहा कि पीड़िता एवं आरोपियों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं तथा उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि मामले की निष्पक्ष और त्वरित जांच सुनिश्चित की जाएगी।