लापरवाही बरतने वाले पदाधिकारियों एवं कर्मियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने का निर्देश
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। आज जिलाधिकारी अभिलाषा शर्मा द्वारा अपने कार्यालय प्रकोष्ठ में टीबी मुक्त भारत अभियान से संबंधित बैठक सिविल सर्जन डॉ. कृष्ण कुमार एवं जिला कार्यक्रम प्रबंधक मो. अनवर आलम के साथ की गयी।
टीबी मुक्त भारत अभियान की जिले में धीमी प्रगति पर जिला पदाधिकारी ने नाराजगी जताते हुए स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को अभियान में तेजी लाने तथा लापरवाही बरतने वाले पदाधिकारियों एवं कर्मियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने का निर्देश दिया है।
इस क्रम में जिला पदाधिकारी ने पाया कि छह लाख लोगों की स्क्रीनिंग के लक्ष्य के विरुद्ध अब तक केवल 47,228 लोगों की ही स्क्रीनिंग हो सकी है। वहीं 13,433 एक्स-रे तथा 1,749 नॉट (NAAT) टेस्ट किए गए हैं।
डीएम ने सिविल सर्जन को निर्देश दिया कि जिन पदाधिकारियों एवं कर्मियों का प्रदर्शन यथोचित नहीं है, उनके विरुद्ध तत्काल कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
बैठक में अभियान की अवधि 45 दिनों तक विस्तारित किए जाने के मद्देनजर नई रणनीति तय की गई। जिला पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों (सीएचओ), आरबीएसके टीम, आशा कार्यकर्ताओं तथा जीविका समूहों को भी अभियान से जोड़कर घर-घर स्क्रीनिंग एवं संदिग्ध मरीजों की पहचान का कार्य तेज किया जाए।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि अभियान के क्रियान्वयन में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत कार्रवाई होगी।