नवीन सिन्हा
हजारीबाग। बड़कागांव थाना क्षेत्र में गुरुवार को हजारीबाग पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गैंगस्टर प्रिंस खान से संचालित बताए जा रहे केएसएस (कोयलांचल शांति सेना) के पांच सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार किया। कार्रवाई के दौरान एक आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में वह घायल हो गया। घायल आरोपी का इलाज पुलिस सुरक्षा में सदर अस्पताल, हजारीबाग में चल रहा है।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सैयद मोहम्मद जीशान, मो. शमशाद उर्फ साहिल, वकास हैदर, अरुण कुमार सिंह और रौशन मालाकार के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे गैंगस्टर प्रिंस खान के निर्देश पर कोयला क्षेत्रों में लेवी वसूली के लिए दहशत फैलाने और ट्रांसपोर्ट मार्ग पर चलने वाली हाइवा गाड़ियों पर फायरिंग की योजना बना रहे थे।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से एक देशी पिस्टल, एक देशी कट्टा, 23 जिंदा कारतूस (जिसमें .303 बोर की 20 गोलियां शामिल हैं) तथा पांच मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इस संबंध में बड़कागांव थाना में कांड संख्या 134/26 दर्ज किया गया है।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में कुछ के खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, रंगदारी, आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट समेत कई गंभीर मामले पहले से दर्ज हैं। पूरे अभियान का नेतृत्व अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (बड़कागांव) अमित आनंद ने किया। पुलिस का कहना है कि गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी और नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए अभियान जारी रहेगा।