नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
हाजीपुर। वैशाली जिले के राघोपुर प्रखंड अंतर्गत जुड़ावनपुर थाना क्षेत्र की राघोपुर पूर्वी पंचायत में रास्ते के विवाद ने खूनी रूप ले लिया। शनिवार सुबह हुए विवाद के दौरान एक 70 वर्षीय बुजुर्ग की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद पूरे गांव में तनाव का माहौल है और इलाके में भारी पुलिस बल की तैनाती की गई है।
मृतक की पहचान राघोपुर पूर्वी निवासी हरबंसू राय (70), स्वर्गीय सिताब राय के पुत्र के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, हरबंसू राय और पड़ोसी श्याम नंदन राय के बीच लंबे समय से रास्ते को लेकर विवाद चल रहा था। बताया जाता है कि एक पक्ष द्वारा रास्ते पर मकान निर्माण और दूसरे पक्ष द्वारा पिलर लगाकर घेराबंदी किए जाने को लेकर शनिवार सुबह दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए।
इसी दौरान विवाद हिंसक हो गया और हरबंसू राय को गोली मार दी गई। परिजनों का आरोप है कि गोली उनकी आंख में लगी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई और लोगों में आक्रोश फैल गया।
मृतक के परिजनों ने इस मामले में स्थानीय श्याम नंदन राय, राजा राम राय और करू राय पर गोली मारने का आरोप लगाया है। हालांकि, आरोपों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।
घटना की सूचना मिलते ही जुड़ावनपुर और राघोपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित करने में जुट गई। गांव में तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है तथा इलाके में लगातार गश्त की जा रही है।
वैशाली के पुलिस अधीक्षक शुभांक मिश्रा ने बताया कि एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या की गई है। पुलिस घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जांच कर रही है और दोषियों की गिरफ्तारी के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।