नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। जिला परिवहन पदाधिकारी सुनंदा कुमारी के नेतृत्व में आज परिवहन विभाग द्वारा NH-19 पर जोगिया से बारुण के बीच अवैध पार्किंग के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान परिवहन विभाग की टीम द्वारा NH-19 के किनारे तथा अन्य प्रतिबंधित एवं अनधिकृत स्थलों पर पार्क किए गए वाहनों की सघन जांच की गई। जांच के क्रम में सड़क एवं यातायात नियमों का उल्लंघन करते हुए अवैध रूप से पार्क किए गए कुल 46 वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई की गई। संबंधित वाहन चालकों/वाहन स्वामियों पर नियमानुसार कार्रवाई करते हुए कुल 71,000 रुपये का शमन अधिरोपित किया गया।
जिला परिवहन पदाधिकारी, औरंगाबाद ने वाहन चालकों एवं वाहन स्वामियों से अपील की है कि वे सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करें तथा राष्ट्रीय राजमार्ग, विशेषकर NH-19, पर वाहनों को किसी भी स्थिति में अनधिकृत अथवा अवैध रूप से पार्क न करें।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग पर अनियंत्रित एवं अवैध पार्किंग से यातायात का सामान्य प्रवाह बाधित होने के साथ-साथ जाम की स्थिति उत्पन्न होती है तथा सड़क दुर्घटनाओं की संभावना भी बढ़ जाती है।
उन्होंने वाहन चालकों से अपील करते हुए कहा कि निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही उपयोग करें तथा सड़क पर वाहन खड़ा करते समय अन्य वाहन चालकों एवं आम राहगीरों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें। सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करना प्रत्येक वाहन चालक की जिम्मेदारी है।
परिवहन विभाग द्वारा स्पष्ट किया गया है कि NH-19 सहित जिले के अन्य प्रमुख मार्गों पर अवैध पार्किंग, यातायात नियमों के उल्लंघन एवं सड़क सुरक्षा मानकों की अनदेखी के विरुद्ध विशेष अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों एवं वाहन स्वामियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
जिला प्रशासन एवं परिवहन विभाग ने आमजनों से अपील की है कि सुरक्षित एवं सुगम यातायात व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें तथा अपने वाहनों को निर्धारित एवं सुरक्षित स्थानों पर ही पार्क करें।