नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। औरंगाबाद की बहू श्रुति कुमारी ने अपनी मेहनत, लगन और निरंतर प्रयास के बल पर बीपीएससी परीक्षा में सफलता हासिल करते हुए एससी/एसटी कल्याण पदाधिकारी के पद पर चयनित होकर जिले एवं परिवार का नाम गौरवान्वित किया है। उनकी इस उपलब्धि से परिजनों और शुभचिंतकों में हर्ष का माहौल है।
श्रुति कुमारी की प्रारंभिक शिक्षा समस्तीपुर में हुई, जबकि उन्होंने अपनी उच्च शिक्षा मुजफ्फरपुर से प्राप्त की। वर्ष 2025 में उनका विवाह औरंगाबाद जिले में हुआ था। उनके पति अंकित सागर मुंबई में सहायक लेखा पदाधिकारी के पद पर कार्यरत हैं। उनके ससुर अशोक कुमार वर्मा सेवानिवृत्त कॉलरा सुपरवाइजर तथा सास कुमकुम कुमारी सेवानिवृत्त नर्स ग्रेड-ए हैं। वहीं उनके पिता एलआईसी एजेंट और माता गृहिणी हैं।
श्रुति ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, सास-ससुर, पति एवं परिवार के अन्य सदस्यों को दिया। उन्होंने कहा कि परिवार के सहयोग, मार्गदर्शन और प्रोत्साहन ने उन्हें कठिन परिस्थितियों में भी लक्ष्य की ओर बढ़ने की प्रेरणा दी।
उन्होंने बताया कि एससी/एसटी कल्याण पदाधिकारी के पद पर चयन उनके जीवन की महत्वपूर्ण उपलब्धि है, लेकिन यह उनके अंतिम लक्ष्य की मंजिल नहीं है। वर्तमान में वे पूरी लगन के साथ यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी में जुटी हुई हैं। उनका सपना देश की सर्वोच्च प्रशासनिक सेवा में स्थान प्राप्त कर समाज और राष्ट्र की सेवा करना है।
श्रुति कुमारी की इस सफलता पर परिजनों, मित्रों, शिक्षकों एवं शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। यह उपलब्धि जिले की युवतियों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बन गई है।