नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शुक्रवार को औरंगाबाद में देशभक्ति एवं राष्ट्रीय एकता की भावना से ओत-प्रोत भव्य तिरंगा यात्रा सह विभाजन विभीषिका दिवस का आयोजन किया गया। तिरंगा यात्रा में भाजपा एवं एनडीए के कार्यकर्ताओं, युवा मोर्चा के पदाधिकारियों तथा बड़ी संख्या में युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पूरे मार्ग में ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ के नारों से वातावरण गूंजता रहा।
कार्यक्रम में जिला की प्रभारी मंत्री रमा निषाद मुख्य रूप से उपस्थित रहीं। उनके साथ औरंगाबाद के पूर्व सांसद सुशील कुमार सिंह, विधान पार्षद दिलीप कुमार सिंह, विधायक त्रिविक्रम नारायण सिंह, नवीनगर विधायक चेतन आनंद, पूर्व विधायक सुरेश मेहता, भाजपा जिलाध्यक्ष बिजेंद्र चंद्रवंशी, नगर परिषद अध्यक्ष उदय गुप्ता सहित पार्टी के कई वरिष्ठ पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

कार्यक्रम के संयोजक सतीश कुमार सिंह, सह संयोजक दीपक, युवा मोर्चा अध्यक्ष विकास सिंह तथा आईटी सेल के जिला संयोजक विवेक चौहान ने आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इस दौरान विराट क्लासेज के अमित, विद्यार्थी परिषद के सदस्यों समेत बड़ी संख्या में युवा साथी भी शामिल हुए।
तिरंगा यात्रा के माध्यम से देश की एकता, अखंडता और राष्ट्रभक्ति का संदेश दिया गया। वहीं, विभाजन विभीषिका दिवस के अवसर पर देश के विभाजन के दौरान जान गंवाने वाले लोगों को श्रद्धांजलि दी गई तथा विस्थापित परिवारों की पीड़ा, संघर्ष और कठिनाइयों को स्मरण किया गया।
कार्यक्रम में उपस्थित नेताओं ने कहा कि देश के इतिहास से सीख लेते हुए राष्ट्र की एकता और अखंडता को सर्वोच्च प्राथमिकता देनी चाहिए। तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है और प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है कि वह राष्ट्रहित में अपना योगदान दे।
भव्य तिरंगा यात्रा के दौरान औरंगाबाद में देशभक्ति एवं राष्ट्रीय एकता का उत्साहपूर्ण वातावरण बना रहा। कार्यक्रम का समापन राष्ट्र के प्रति समर्पण तथा देश की एकता और अखंडता को बनाए रखने के संकल्प के साथ हुआ।