नवबिहार टाइम्स संवाददाता
राजगीर। राजगीर में आयोजित होने वाले आगामी एनसीसी ट्रेकिंग अभियान की तैयारियों को लेकर एनसीसी ग्रुप मुख्यालय के ग्रुप कमांडर ब्रिगेडियर देबकुमार सेन ने ट्रेकिंग रूट एवं अन्य व्यवस्थाओं का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान 38 बिहार बटालियन एनसीसी के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल राजेश बाहरी ने ग्रुप कमांडर का स्वागत किया और उन्हें प्रस्तावित ट्रेक रूट समेत अभियान की तैयारियों की जानकारी दी।
निरीक्षण के दौरान कर्नल राजेश बाहरी ने कैडेट्स के ट्रेकिंग रूट, ठहरने की व्यवस्था, प्राथमिक चिकित्सा, पेयजल तथा सुरक्षा से संबंधित किए गए प्रबंधों से ब्रिगेडियर सेन को अवगत कराया। उन्होंने अभियान के दौरान कैडेट्स की सुविधा और सुरक्षा के लिए की गई तैयारियों की भी जानकारी दी।
ग्रुप कमांडर ब्रिगेडियर देबकुमार सेन ने ट्रेकिंग रूट का जायजा लेते हुए 38 बिहार बटालियन एनसीसी द्वारा की गई तैयारियों पर संतोष व्यक्त किया। उन्होंने अभियान को सफलतापूर्वक संचालित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
इस अवसर पर ब्रिगेडियर सेन ने कहा कि ट्रेकिंग जैसी साहसिक गतिविधियां एनसीसी कैडेट्स के व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। इससे कैडेट्स में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना और पर्यावरण के प्रति संवेदनशीलता विकसित होती है। ऐसे अभियानों से युवाओं में आत्मविश्वास और चुनौतियों का सामना करने की क्षमता भी बढ़ती है।
निरीक्षण के दौरान बटालियन के अन्य अधिकारी, जेसीओ, एनसीसी कैडेट्स एवं प्रशासनिक स्टाफ मौजूद रहे।