संत रविदास जयंती के अवसर पर जिले से पंचायत स्तर तक होंगे विभिन्न कार्यक्रम
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। संत रविदास जी की 650वीं जयंती के अवसर पर राज्य में आयोजित किए जाने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की तैयारियों की समीक्षा मुख्य सचिव, बिहार द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से की गई। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में सभी जिलों के जिलाधिकारियों को जयंती समारोह को व्यापक जनभागीदारी एवं प्रभावी तरीके से आयोजित करने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में बताया गया कि संत रविदास जयंती के अवसर पर जिला स्तर से लेकर पंचायत स्तर तक कलश यात्रा का आयोजन किया जाएगा। सभी जिला पदाधिकारियों को कलश यात्रा के लिए मार्ग का पूर्व निर्धारण करने तथा आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया, ताकि कार्यक्रम सुव्यवस्थित एवं व्यापक जनभागीदारी के साथ आयोजित हो सके।
बैठक में यह भी बताया गया कि 27 अगस्त से 15 फरवरी तक प्रत्येक गुरुवार को सभी टोलों में संत रविदास शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों के आयोजन एवं प्रचार-प्रसार में विकास मित्रों की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी। शिविर के दिन विभिन्न जनसेवाओं का वितरण एवं जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। साथ ही, स्थानीय लोगों से प्राप्त आवेदनों का यथासंभव शिविर के दिन ही निष्पादन करते हुए संबंधित लाभुकों को प्रमाण-पत्र/स्वीकृति पत्र उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जाएगी।
शिविरों में राशन कार्ड, जन्म एवं मृत्यु प्रमाण-पत्र सहित विभिन्न जनसेवाओं एवं कल्याणकारी योजनाओं से संबंधित सेवाओं का लाभ आम लोगों को उपलब्ध कराया जाएगा। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों को भी आमंत्रित किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित हो सके।
जयंती समारोह के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए प्रमंडलवार IEC वैन के माध्यम से जागरूकता गतिविधियां संचालित की जाएंगी। इसके अतिरिक्त विद्यालय एवं युवाओं की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए इंटर-स्कूल खेल प्रतियोगिताएं, साइकिल रैली, वाद-विवाद प्रतियोगिता, निबंध लेखन आदि विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
मुख्य सचिव ने निर्देश दिया कि संत रविदास जयंती से संबंधित सभी कार्यक्रमों का व्यापक एवं प्रभावी स्तर पर प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जाए, ताकि अधिक से अधिक आमजन, विद्यार्थी, युवा एवं स्थानीय समुदाय इन आयोजनों से जुड़ सकें। कार्यक्रमों के माध्यम से संत रविदास जी के सामाजिक समरसता, समानता एवं मानव कल्याण के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने पर विशेष जोर दिया गया।
उक्त बैठक के उपरांत जिला पदाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि उक्त कार्यक्रम की तैयारी ससमय कर ले। बैठक में उप विकास आयुक्त कुमारी अनुपम सिंह, अनुमंडल पदाधिकारी गौरव सिंह, जिला सूचना एवं जनसंपर्क पदाधिकारी श्वेता प्रियदर्शी, जिला कल्याण पदाधिकारी अभिषेक कुमार उपस्थित थे।