नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। आज जिला परिवहन पदाधिकारी सुनंदा कुमारी के नेतृत्व में चतरा मोड़ के पास विशेष वाहन जांच अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान दोपहिया एवं अन्य वाहनों की सघन जांच की गई। इस क्रम में हेलमेट, ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन निबंधन प्रमाण-पत्र (आर.सी.), बीमा, प्रदूषण प्रमाण-पत्र सहित अन्य आवश्यक दस्तावेजों की जांच की गई।

जांच के दौरान हेलमेट नहीं पहनने तथा मोटर वाहन अधिनियम के विभिन्न प्रावधानों का उल्लंघन करने वाले कुल 68 वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए 2,26,900 का शमन अधिरोपित किया गया।
अभियान के दौरान वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करते हुए निर्देश दिया गया कि दोपहिया वाहन चलाते समय अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनें तथा वाहन के सभी आवश्यक दस्तावेज अपने साथ रखें। साथ ही, यातायात नियमों का पूर्णतः पालन करें, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके तथा स्वयं एवं अन्य लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
जिला परिवहन पदाधिकारी ने बताया कि सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के अनुपालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से इस प्रकार के विशेष वाहन जांच अभियान आगे भी नियमित रूप से चलाए जाएंगे।
जिला प्रशासन द्वारा आम नागरिकों से अपील की गई है कि वे मोटर वाहन अधिनियम के प्रावधानों एवं यातायात नियमों का पालन करें तथा सुरक्षित एवं जिम्मेदार वाहन संचालन का परिचय दें।