नवबिहार टाइम्स संवाददाता
मसौढ़ी। थाना क्षेत्र के सरवां गांव में मंगलवार देर रात हथियारबंद बदमाशों ने एक घर में घुसकर परिवार के सदस्यों को कमरे में बंद कर दिया और लाखों रुपये के आभूषण व नकदी लूटकर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। इसी गांव में एक अन्य घर में भी चोरी का प्रयास किए जाने की बात सामने आई है।
पीड़िता बबिता देवी, पति कृष्णा सिंह, निवासी सरवां ने मसौढ़ी थाने में आवेदन देकर बताया कि 18 अगस्त की रात वह परिवार के सदस्यों के साथ खाना खाने के बाद सो गई थीं। देर रात करीब चार-पांच अज्ञात बदमाश घर में घुस आए और बाहर से कमरे का दरवाजा बंद कर दिया।
घर के अंदर आवाज सुनकर परिवार के लोग जागे और बाहर निकलने का प्रयास किया। इस दौरान बदमाशों ने धमकी देते हुए कहा कि शोर मचाने पर गोली मार देंगे। इसके बाद बदमाशों ने कमरे का ताला तोड़कर ट्रंक और बक्से को खंगाला और उसमें रखे आभूषण तथा नकदी लेकर फरार हो गए।
पीड़िता के अनुसार बदमाश सोने का गले का हार, दो नोजपिन, दो जोड़ी पायल, आठ बिछिया, एक चेन, करीब 30 हजार रुपये नकद और घर का अन्य कीमती सामान ले गए। बदमाश मकान के कीपर के सहारे छत पर चढ़े और महावीरी झंडे के सहारे नीचे उतरकर घर में दाखिल हुए थे।
बदमाशों के जाने के बाद परिवार के सदस्यों ने किसी तरह कमरे का दरवाजा खोला। बाहर निकलने पर घर का सामान बिखरा हुआ मिला। घटना की जानकारी मिलने के बाद ग्रामीणों में भी आक्रोश और भय का माहौल है।
इसी गांव में बदमाशों ने एक अन्य मकान में भी चोरी का प्रयास किया। सेवानिवृत्त एयरफोर्स जवान महेश सिंह के घर की ग्रिल उखाड़कर अंदर घुसने की कोशिश की गई, लेकिन घर में हो-हल्ला होने पर बदमाश मौके से भाग निकले।
घटना के बाद ग्रामीणों ने पुलिस से रात में गश्ती बढ़ाने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि एक ही रात में चोरी और चोरी के प्रयास की घटनाओं से मोहल्ले के लोगों में भय व्याप्त है।
इधर, मसौढ़ी थाना पुलिस ने पीड़िता के आवेदन के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। पुलिस का कहना है कि बदमाशों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।