क्षेत्र में हथियार की चौथी बड़ी बरामदगी
नवबिहार टाइम्स संवाददाता
मसौढ़ी। अवैध हथियारों की खरीद-बिक्री के खिलाफ भगवानगंज थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने हथियारों की खरीद-बिक्री के दौरान दो कथित हथियार सप्लायरों को गिरफ्तार कर उनके पास से एक देशी कट्टा, एक थरनट और तीन जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, पिछले कुछ महीनों में भगवानगंज थाना क्षेत्र में यह हथियारों की चौथी बड़ी बरामदगी है।
थानाध्यक्ष अमरेन्द्र कुमार ने बताया कि 19 अगस्त को गुप्त सूचना मिली थी कि समस्तीचक मुशहरी के पास खेत में दो व्यक्ति अवैध हथियार लेकर खरीद-बिक्री के लिए पहुंचे हैं। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को देखते ही दोनों भागने लगे, जिन्हें सशस्त्र बल के सहयोग से खदेड़कर पकड़ लिया गया। तलाशी के दौरान प्लास्टिक के बोरे से हथियार और कारतूस बरामद हुए।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान धर्मराज यादव (60), निवासी भीनकविगहा, थाना सिगोड़ी और नंदलाल यादव (61), निवासी कशोपुर, थाना पालीगंज के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ भगवानगंज थाना कांड संख्या 189/26 के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
छापेमारी दल में थानाध्यक्ष अमरेन्द्र कुमार, सअनि बरुण कुमार, सअनि धर्मवीर कुमार सिंह सहित सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर हथियारों के स्रोत और संभावित खरीदारों के बारे में जानकारी जुटा रही है।
सिटी एसपी पूर्वी शैलजा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बरामदगी की जानकारी देते हुए बताया कि मामले की जांच जारी है।