प्लस टू प्रोजेक्ट नवल किशोर बालिका उच्च विद्यालय में रंगारंग कार्यक्रम, मेहंदी, राखी मेकिंग, सावन क्वीन और अंत्याक्षरी प्रतियोगिता का भी आयोजन
नवबिहार टाइम्स संवाददाता
मसौढ़ी। सावन के पावन महीने में मसौढ़ी स्थित प्लस टू प्रोजेक्ट नवल किशोर बालिका उच्च विद्यालय में सावन महोत्सव का रंगारंग आयोजन किया गया। विद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में छात्राएं हरे परिधानों में सजकर पहुंचीं और सावन गीतों, लोकनृत्य एवं फिल्मी गीतों पर अपनी शानदार प्रस्तुतियों से समां बांध दिया।
कार्यक्रम का उद्घाटन विद्यालय की प्रधानाध्यापिका मोनिका गुप्ता ने किया। उन्होंने छात्राओं को सावन के धार्मिक एवं सांस्कृतिक महत्व के बारे में जानकारी दी। उन्होंने भगवान शिव और मां पार्वती से जुड़े सावन पर्व की मान्यताओं को बताते हुए छात्राओं को भारतीय संस्कृति और परंपराओं से जुड़े रहने के लिए प्रेरित किया।
महोत्सव के दौरान मेहंदी, राखी मेकिंग, सावन क्वीन, अंत्याक्षरी और नृत्य प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। रंग-बिरंगे हरे परिधानों में सजी छात्राओं ने सावन के पारंपरिक गीतों के साथ भोजपुरी लोकनृत्य की मनमोहक प्रस्तुति दी।
छात्राओं ने फिल्मी गीतों पर भी आकर्षक नृत्य प्रस्तुत किया। विशेष रूप से ‘काहे करेलू गुमान गोरी सावन में’ गीत पर छात्राओं की प्रस्तुति ने खूब तालियां बटोरीं। इसके अलावा कजरी, झूमर और विभिन्न सावन गीतों की एक से बढ़कर एक प्रस्तुति दी गई। छात्राओं ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए कार्यक्रम को यादगार बना दिया।
प्रधानाध्यापिका मोनिका गुप्ता ने कहा कि ऐसे आयोजनों से छात्राओं को पढ़ाई के साथ अपनी कला और प्रतिभा को प्रदर्शित करने का अवसर मिलता है। साथ ही लोकगीत, लोकनृत्य और पारंपरिक पर्वों के माध्यम से नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने में मदद मिलती है।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय की शिक्षिकाओं अनामिका गुप्ता, कुमारी शोभा गुप्ता, अर्चना गुप्ता, दिनेश कुमार पटेल, चंद्रभूषण, संजना कुमारी, रिंकी कुमारी, मधुप्रिया और नाहिद जौहर सहित अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहीं।
प्रतियोगिताओं एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम में कोमल कुमारी, अंजली कुमारी, सृष्टि कुमारी, काजल कुमारी, ब्यूटी कुमारी, प्रियांशु कुमारी, खुशी कुमारी, स्नेहा कुमारी, कंचन कुमारी, शिवानी कुमारी, रूपा कुमारी, चांदनी कुमारी और संगीता कुमारी समेत बड़ी संख्या में छात्राओं ने हिस्सा लिया।