मसौढ़ी में महिला ने प्रेमी पर रुपये ठगने और यौन शोषण का लगाया आरोप, पुलिस कर रही मामले की जांच
नवबिहार टाइम्स संवाददाता
मसौढ़ी। मसौढ़ी नगर के वीर कुंवर सिंह कॉलोनी स्थित एयरटेल मोबाइल टावर पर गुरुवार सुबह एक शादीशुदा महिला करीब 200 फीट की ऊंचाई पर चढ़ गई। महिला के टावर पर चढ़ने की सूचना मिलते ही इलाके में अफरातफरी मच गई। करीब पांच घंटे तक चले मान-मनौव्वल के बाद पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से उसे सुरक्षित नीचे उतारा गया। महिला की पहचान गौरीचक निवासी लक्ष्मी कुमारी, पति राजू राम के रूप में हुई है। वह तीन बच्चों की मां है और मसौढ़ी में किराये के मकान में रहती है।
बताया जा रहा है कि लक्ष्मी का मसौढ़ी के एक निजी स्कूल में ड्राइवर का काम करने वाले मंटू कुमार के साथ कई वर्षों से प्रेम प्रसंग चल रहा है। मंटू भी शादीशुदा है। बुधवार को इसी मामले में समझौते के लिए दोनों पक्ष मसौढ़ी कोर्ट पहुंचे थे, जहां हंगामा होने के बाद बात नहीं बन पाई थी। इसके अगले दिन सुबह करीब पांच बजे लक्ष्मी टावर पर चढ़ गई।
टावर पर महिला को देख स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। लोगों ने माइक से नीचे उतरने की अपील की। सूचना मिलने पर पुलिस भी दलबल के साथ मौके पर पहुंची। काफी समझाने-बुझाने के बाद महिला को नीचे उतारा गया। बताया जा रहा है कि वह प्रेमी के साथ रहने की जिद पर अड़ी थी। इस दौरान उसने प्रेमी पर रुपये ठगने और यौन शोषण का भी आरोप लगाया।
फिलहाल पुलिस महिला को थाने ले गई है और पूरे मामले की जांच कर रही है। पुलिस दोनों पक्षों से पूछताछ कर घटना के कारणों और आरोपों की सत्यता का पता लगाने में जुटी है।