नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
रांची। कांग्रेस पार्टी ने झारखंड में अपनी सांगठनिक पकड़ मजबूत करने के लिए एक बड़ा कदम उठाया है। झारखंड कांग्रेस ने संगठन में बड़ा बदलाव करते हुए वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर के पुत्र प्रशांत किशोर को पार्टी के अनुसूचित जाति (एससी) विभाग का प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव के.सी. वेणुगोपाल ने 8 सितंबर 2026 को इस संबंध में आदेश जारी किया। कांग्रेस अध्यक्ष की मंजूरी के बाद नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई है।
यह नियुक्ति ऐसे समय में हुई है जब पार्टी राज्य में भीतर और बाहर दोनों मोर्चों पर खुद को पुनर्गठित कर रही है। उम्मीद जताई जा रही है कि उनके नेतृत्व में समाज के शोषित और वंचित वर्ग की आवाज़ को और बुलंदी मिलेगी। ऐसे में नए अध्यक्ष के सामने न सिर्फ संगठन का दायरा बढ़ाने की चुनौती होगी, बल्कि विभिन्न गुटों के बीच तालमेल बिठाना भी एक बड़ी परीक्षा होगी।
प्रशांत किशोर को मिली इस अहम जिम्मेदारी को झारखंड में अनुसूचित जाति वर्ग के बीच कांग्रेस संगठन को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। अब उनके सामने संगठन के विस्तार और अनुसूचित जाति समाज को पार्टी से जोड़ने की बड़ी जिम्मेदारी होगी। विशेषज्ञों का मानना है कि इससे एससी समुदाय के बीच पार्टी का आधार बढ़ाने में मदद मिल सकती है।