हिंदी दिवस 2026 के अवसर पर आम्रपाली कला केंद्र में जिला स्तरीय निबंध, भाषण एवं कविता पाठ प्रतियोगिता का आयोजन
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। शिक्षा विभाग, औरंगाबाद के तत्वावधान में हिंदी दिवस 2026 के अवसर पर जिला मुख्यालय स्थित आम्रपाली कला केंद्र, औरंगाबाद में जिला स्तरीय निबंध, भाषण एवं कविता पाठ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में हिंदी भाषा के प्रति रुचि, सम्मान एवं रचनात्मक अभिव्यक्ति की भावना को प्रोत्साहित करना तथा हिंदी के व्यापक प्रयोग के प्रति जागरूकता उत्पन्न करना रहा।
कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन जिला शिक्षा पदाधिकारी श्री दया शंकर सिंह द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर शिक्षा विभाग के पदाधिकारी, निर्णायक मंडल के सदस्य, शिक्षकगण, प्रतियोगिता में भाग लेने वाले छात्र-छात्राएं एवं अन्य संबंधित उपस्थित रहे।
अपने संबोधन में जिला शिक्षा पदाधिकारी ने कहा कि हिंदी केवल संवाद का माध्यम ही नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, साहित्य, परंपरा एवं सामाजिक मूल्यों को जोड़ने वाली महत्वपूर्ण कड़ी है। उन्होंने विद्यार्थियों से हिंदी भाषा के अध्ययन तथा दैनिक जीवन में इसके अधिकाधिक प्रयोग का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि विभागीय निर्देश के आलोक में निबंध, भाषण एवं कविता पाठ प्रतियोगिताओं का आयोजन विद्यालय स्तर के बाद संकुल स्तर एवं प्रखंड स्तर से होते हुए जिला स्तर पर किया जा रहा है। इस प्रकार की प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा एवं विचारों को प्रभावी ढंग से अभिव्यक्त करने का अवसर प्राप्त होता है तथा उनमें भाषायी दक्षता, आत्मविश्वास एवं रचनात्मक सोच का विकास होता है।
जिला स्तरीय प्रतियोगिता के अंतर्गत विद्यार्थियों ने निबंध लेखन, भाषण एवं कविता पाठ में उत्साहपूर्वक भाग लिया। निबंध प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने हिंदी भाषा के महत्व, राष्ट्र निर्माण में हिंदी की भूमिका, भारतीय संस्कृति एवं समकालीन सामाजिक विषयों पर अपने विचार प्रस्तुत किए। वहीं भाषण प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने हिंदी भाषा के महत्व, हिंदी के प्रचार-प्रसार तथा वर्तमान समय में हिंदी की उपयोगिता से संबंधित विषयों पर प्रभावशाली वक्तव्य प्रस्तुत किए। कविता पाठ प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने स्वर, लय, भाव एवं अभिव्यक्ति के माध्यम से अपनी साहित्यिक प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागी छात्र-छात्राओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। विभिन्न विद्यालयों से आए विद्यार्थियों ने पूरे आत्मविश्वास एवं उत्साह के साथ प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया। शिक्षा विभाग, औरंगाबाद द्वारा प्रतिभागियों के मूल्यांकन एवं चयन हेतु शिक्षक संजीव कुमार सिंह, शंभू कुमार सिंह, अभय कुमार, गोविंदा सिंह एवं फरहाना कादरी को निर्णायक मंडल के सदस्य के रूप में प्राधिकृत किया गया था। निर्णायक मंडल द्वारा प्रतिभागियों की प्रस्तुति, विषय-वस्तु, भाषा की शुद्धता, अभिव्यक्ति, मौलिकता एवं प्रस्तुतीकरण सहित विभिन्न निर्धारित मानकों के आधार पर मूल्यांकन किया गया।
प्राप्त परिणाम के आधार पर कविता पाठ प्रतियोगिता में केशव उच्च माध्यमिक विद्यालय, बारुण की सान्या कुमारी ने प्रथम, उत्क्रमित माध्यमिक विद्यालय, कर्मा भगवान की खुशी कुमारी ने द्वितीय तथा उत्क्रमित माध्यमिक विद्यालय, दुग्गल, रफीगंज की सुप्रिया कुमारी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
इसी प्रकार भाषण प्रतियोगिता में उत्क्रमित उच्च विद्यालय, वाजिदपुर, ओबरा की सुषमा कुमारी ने प्रथम, कन्या उच्च विद्यालय, नवीनगर की गुनगुन कुमारी ने द्वितीय तथा अशोक इंटर विद्यालय, दाउदनगर के मनोज कुमार ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
निबंध प्रतियोगिता में कन्या उच्च माध्यमिक विद्यालय, दाउदनगर की अनु कुमारी ने प्रथम, उच्च माध्यमिक विद्यालय, बड़वा की सुमन कुमारी ने द्वितीय तथा उच्च माध्यमिक विद्यालय, बैरिया की प्रीति कुमारी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों सहित सभी प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र एवं ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के उद्घाटन सत्र में सौम्या श्री एवं किंजल प्रिया द्वारा कथक नृत्य तथा जिया एवं अंजलि द्वारा समूह गीत की प्रस्तुति दी गई। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम को और अधिक आकर्षक एवं जीवंत बना दिया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में संगीत शिक्षक राजीव कुमार पांडेय, आकाश चौहान, सनोज सागर, चितरंजन कुमार सिंह, सौम्या श्री, किंजल प्रिया, जिया, अंजलि, संजीत कुमार सहित अन्य संबंधितों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
कार्यक्रम में उपस्थित शिक्षकों ने कहा कि हिंदी दिवस जैसे अवसर विद्यार्थियों में हिंदी भाषा एवं साहित्य के प्रति सम्मान की भावना विकसित करने के साथ-साथ उन्हें साहित्यिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे आयोजन विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास तथा उनकी प्रतिभा को उचित मंच प्रदान करने की दिशा में उपयोगी साबित होते हैं।
कार्यक्रम के अंत में प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को प्रोत्साहित किया गया तथा सभी प्रतिभागियों को हिंदी भाषा के प्रति निरंतर अध्ययन, लेखन एवं रचनात्मक अभिव्यक्ति के लिए प्रेरित किया गया। शिक्षा विभाग द्वारा विद्यार्थियों में हिंदी भाषा के प्रति जागरूकता एवं अभिरुचि बढ़ाने के उद्देश्य से भविष्य में भी इस प्रकार की गतिविधियों के आयोजन पर बल दिया गया।